भिलाई

पूरा देश वुमंस -डे मना रहा था और यहां वनांचल की महिलाएं सड़क पर उतर गईं, पढ़ें खबर

महिला सशक्तिकरण के दिन गुरुवार को वनांचल क्षेत्र मानपुर की सैंकड़ों महिलाएं शराबबंदी की मांग को लेकर सड़क पर उतर गईं।
2 min read
Mar 08, 2018
Rajnandgaon

राजनांदगांव. महिला सशक्तिकरण के दिन गुरुवार को वनांचल क्षेत्र मानपुर की सैंकड़ों महिलाएं शराबबंदी की मांग को लेकर सड़क पर उतर गईं। आधा दर्जन गांव की महिलाएं मानपुर में एकत्रित हुई और शहर में रैली निकाल कर शराब दुकान के सामने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने नगर की शराब दुकान को बंद करने सहित प्रदेश भर में पूर्ण शराब बंदी को लेकर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।

प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी की मांग
मानपुर सहित आस-पास के लगभग आधा दर्जन गांव की महिलाएं नगर की शराब दुकान बंद करने व प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी की मांग को लेकर गुरुवार को मानपुर के गोंडवाना भवन में एकत्रित हुई। इस दौरान महिलाओं द्वारा राज्य सरकार से शराब दुकानें बंद करने की मांग करते हुए नगर में विशाल रैली निकाली गई। महिलाओं की रैली नगर भ्रमण करते हुए वहां की शराब दुकान के सामने पहुंची और विरोध में जमकर नारेबाजी की गई। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के प्रदर्शन को लेकर मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

बेचने वालों पर कार्रवाई की भी मांग
महिलाओं ने क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर भी लगाम लगाने व तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने कहा कि शराब की वजह से कई घर बर्बाद हो रहे हैं। महिलाओं ने कहा कि सरकार को इसे गंभीरता से लेते हुए प्रदेश से शराब नामक बुराई को जड़ से खत्म करने की जरुरत है। इस दौरान महिलाओं द्वारा पूर्ण शराब बंदी सहित ईवीएम मशीन का विरोध, तेंदूपत्ता संग्राहक महिलाओं को साड़ी देने के बजाय प्रति सैंकड़ा तेंदूपत्ता 350 रुपए व बोनस देने, महिलाओं के स्वरोजगार के लिए मिनी उद्योग की स्थापना सहित अन्य मांगो को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया।

शराबबंदी के लिए ज्ञापन सौंपा
नायब तहसीलदार आरबी वर्मा ने बताया कि मानपुर सहित क्षेत्र की महिलाओं ने शराब दुकान बंद करने की मांग को लेकर रैली निकाली थी। महिलाओं ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा है।

Published on:
08 Mar 2018 11:35 pm