
Car Hit Bike: जिंदगी की जद्दोजहद और परिवार के बेहतर भविष्य का सपना लेकर घर से निकले 3 युवाओं का सफर आसींद थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे-158 डी पर सदा के लिए थम गया। मंगलवार देर रात ब्राह्मणों की सरेरी पुलिया के निकट हुए एक सड़क हादसे ने तीन परिवारों के चूल्हे बुझा दिए। भीलवाड़ा में कैटरिंग का काम खत्म कर देर रात मोटरसाइकिल से पालड़ी लौट रहे तीन दोस्तों को एक तेज रफ्तार कार ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पालड़ी निवासी कमलेश (24) पुत्र नारायण लाल बलाई और बिहार निवासी निजाम खान (32) ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया और गंभीर रूप से घायल मुजफ्फरपुर (बिहार) निवासी बृजेश सहनी (29) की सांसें भीलवाड़ा अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उखड़ गईं।
इस हादसे ने भीलवाड़ा के पालड़ी गांव के कमलेश बलाई के परिवार को ऐसा जख्म दिया है जिसकी भरपाई नामुमकिन है। करीब 10 साल पहले पिता नारायण लाल बलाई के साए से महरूम हुआ ये परिवार अभी संभला ही था कि नियति ने एक और क्रूर प्रहार कर दिया। 4 भाइयों में सबसे छोटे कमलेश का महज दो महीने पहले ही उसकी पत्नी का आणा-मुकलावा हुआ था। जिस घर में अभी नई-नवेली दुल्हन की शादी की मेहंदी का रंग भी नहीं छूटा था और नई-नवेली दुल्हन के हाथों की चूड़ियां खनक रही थीं वहां अब सिर्फ रूदन क्रंदन है। बूढ़ी मां और बदहवास पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं पेट पालने की खातिर सैकड़ों किलोमीटर दूर बिहार से आए निजाम और बृजेश की मौत की खबर जब उनके गृह राज्यों में पहुंची तो वहां भी कोहराम मच गया। तीनों मृतक मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवारों का पालन पोषण कर रहे थे।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाइवे-158 डी की बदहाली और लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि ब्राह्मणों की सरेरी पुलिया के पास लंबे समय से बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जो आए दिन हादसों को आमंत्रण दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों में इसी ब्लैक स्पॉट पर 10 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन संबंधित विभाग गहरी नींद में सोया हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते इन गड्ढों को दुरुस्त कर दिया जाता, तो शायद इन तीन बेकसूर युवाओं को अपनी जान नहीं गंवानी पड़ती। फिलहाल, पुलिस ने प्रार्थी कैलाश बलाई की रिपोर्ट पर कार चालक के खिलाफ तेज गति व लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।