भीलवाड़ा

Bhilwara: चोरी की गई मूर्ति वापस लाने की मांग, मोबाइल टावर पर चढ़े 2 युवक; पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप

भीलवाड़ा के गुलाबपुरा में शनिवार को दो युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गए। दोनों युवकों ने मंदिर से चोरी की गई मूर्ति को वापस लाने की मांग को लेकर विरोध जताया।
2 min read
Stolen Idol
चोरी की गई मूर्ति वापस लाने की मांग करते युवक। फोटो: पत्रिका

भीलवाड़ा। भीलवाड़ा के गुलाबपुरा में शनिवार को दो युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गए। दोनों युवकों ने मंदिर से चोरी की गई मूर्ति को वापस लाने की मांग को लेकर विरोध जताया। युवकों के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और युवकों को समझाने का प्रयास किया।

बता दें कि गुलाबपुरा क्षेत्र के ग्राम नंगाजी का खेड़ा स्थित शिव मंदिर से मूर्ति चोरी हो गई थी। मूर्ति बरामदगी की मांग को लेकर युवक टावर पर चढ़े हुए है। पुलिस अधिकारी दोनों युवकों से समझाइश कर रहे है। लेकिन, युवकों ने मांग पूरी होने तक नीचे उतरने से इनकार कर दिया। मौके पर स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया।

नंगाजी का खेड़ा में मूर्ति चोरी मामले को लेकर ग्रामीणों ने सौंपा मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन।

ग्रामीणों ने सीएम के नाम सौंपा था ज्ञापन

इससे पहले शुक्रवार को ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी गुलाबपुरा के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा था। ग्रामीणों ने गुलाबपुरा थाना द्वारा की जा रही दमनात्मक एवं एकतरफा कार्रवाई पर रोक लगाने तथा मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की। ज्ञापन में आरोप है कि शिव परिवार की मूर्ति चोरी कर ग्राम लुहारिया मांडल में जबरन स्थापित की गई है। ग्रामीणों के अनुसार प्रशासन ने मूर्ति को 25 सितंबर 2026 तक वापस लाने का आश्वासन दिया था।

इसके बावजूद गुलाबपुरा थाना द्वारा 40 से अधिक ग्रामीणों को शांति भंग के नोटिस दिए गए और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां देने का आरोप है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से पुलिस की दमनात्मक कार्रवाई रोकने, मूर्ति चोरी मामले में कानूनी कार्रवाई करने तथा संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की। सीओ सतीश मीणा ने ग्रामीणों से वार्ता कर समझाइश की। ज्ञापन सौंपते समय नंगाजी का खेड़ा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे थे।

Updated on:
26 Sept 2026 09:59 am
Published on:
26 Sept 2026 09:58 am