भीलवाड़ा

Rajasthan Panchayat Chunav: वोटों की गिनती पूरी किए बिना ही घोषित कर दिया परिणाम, राजस्थान में यहां सरपंच चुनाव की काउंटिंग में बड़ी चूक

पंचायत चुनाव के तहत ग्राम पंचायतों में मतदान के तुरंत बाद हुई मतगणना में निर्वाचन तंत्र की बड़ी चूक सामने आई है। सरपंच पद की मतगणना के दौरान कुछ मतपत्र बिना गिने ही छूट गए और आनन-फानन में चुनाव परिणाम जारी कर दिया गया।
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 8:44 AM IST
Bhilwara Panchayat Election
मतपत्रों की गिनती करते हुए। फोटो: एआई

भीलवाड़ा। पंचायत चुनाव के तहत ग्राम पंचायतों में मतदान के तुरंत बाद हुई मतगणना में निर्वाचन तंत्र की बड़ी चूक सामने आई है। मांडल पंचायत समिति की घोड़ास ग्राम पंचायत में बीती रात सरपंच पद की मतगणना के दौरान कुछ मतपत्र बिना गिने ही छूट गए और आनन-फानन में चुनाव परिणाम जारी कर दिया गया। जब रिटर्निंग अधिकारी को इस सांख्यिकी त्रुटि का अहसास हुआ और उन्होंने भूल सुधारते हुए प्रत्याशियों को वापस बुलाया, तो केंद्र पर भारी हंगामा खड़ा हो गया।

परिणाम जारी होने के बाद दोबारा बुलाए जाने पर अभ्यर्थियों और उनके समर्थकों का सब्र टूट गया। प्रत्याशियों ने मतगणना की निष्पक्षता और पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए तरह-तरह के गंभीर आरोप लगाने शुरू कर दिए। माहौल गरमाते देख मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अमले ने मोर्चा संभाला। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से लंबी समझाइश की और प्रक्रिया की स्थिति स्पष्ट कर काफी मशक्कत के बाद देर रात मामले को शांत कराया।

भूल से उत्पन्न हुआ व्यवधान, नहीं पड़ता असर परिणाम पर

घोड़ास में उपजे चुनावी विवाद पर उपखंड प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। मांडल के उपखंड अधिकारी पुखराज कासोटिया ने बताया कि मतगणना के दौरान सांख्यिकी गणना में मानवीय त्रुटि के चलते कुछ मतपत्र छूट गए थे। मौजूद रिटर्निंग अधिकारी से हुई इस भूल के कारण मौके पर व्यवधान उत्पन्न हुआ था। एसडीएम के अनुसार छूटे हुए मतपत्रों की संख्या इतनी नहीं थी कि उससे घोषित परिणाम के अंतर या जीत-हार पर कोई असर पड़ता।

लापरवाही पर उठे सवाल

ग्रामीण क्षेत्र घोड़ास में देर रात तक चली मतगणना के दौरान हुई इस प्रशासनिक चूक को लेकर राजनीतिक हलकों और ग्रामीणों में खासी चर्चा रही।

ज्योति सुवालका

ज्योति ने रचा इतिहासः 3474 मतों के रेकॉर्ड अंतर से दर्ज की जीत

इधर, मांडल उपखंड मुख्यालय की ग्राम पंचायत मांडल से सरपंच पद पर विजयी रहीं ज्योति सुवालका ने एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। ज्योति सुवालका ने जिले में सर्वाधिक मतों से जीत दर्ज कर सभी को चौंका दिया है। वहीं राजनीतिक गलियारों में यह कयास भी लगाए जा रहे है कि यह इस चुनाव में राजस्थान राज्य की सबसे बड़ी जीत हो सकती है। हालांकि सरपंच को कहां कितने मत मिले इसके आंकड़े अभी सामने नहीं आए है। चुनाव परिणामों की घोषणा के साथ ही सुवालका के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।

प्रचंड बहुमत के साथ मिली इस जीत ने क्षेत्र में सुवालका के मजबूत जनाधार पर मुहर लगा दी है। परिणाम आने के बाद नवनिर्वाचित सरपंच ज्योति सुवालका ने ग्राम पंचायत की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत ग्राम की जनता के अटूट विश्वास की जीत है। उन्होंने अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि ग्राम पंचायत के सर्वांगीण विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और पारदर्शी प्रशासन के लिए वे सदैव कटिबद्ध रहेंगी।

जीत का गणित

कुल मतदाताः 13,047
कुल मतदानः 10,183
मत मिले: 5,683
जीत का अंतरः 3,474

Updated on:
26 Oct 2026, 8:44 AM IST
Published on:
Also Read
View All
भीलवाड़ा: सरपंच चुनाव से पहले फैमिली ड्रामा- ‘मां गायब है, नामांकन रद्द करो’ टंकी पर चढ़कर छोटे बेटे ने किया हंगामा, जांच में निकली अलग ही कहानी

भीलवाड़ा पंचायत चुनाव 2026: 9 पंचायत समितियों में 62.98% मतदान, बिजौलियां टॉप पर; 20 नवंबर को आएगा फैसला

भीलवाड़ा को रेलवे की बड़ी सौगात: मुंबई, जयपुर और हिसार की 3 सुपरफास्ट ट्रेनें हुईं नियमित, पढ़ें पूरा शेड्यूल

Bhilwara Zila Parishad Chunav 2026: जिला परिषद और 9 पंचायत समितियों के लिए कल होगा मतदान, 1110 बूथों पर पड़ेंगे वोट

राजस्थान: विस्फोटकों से भरी पिकअप में धमाका, एक की मौके पर मौत; फॉरेंसिक जांच में होगा खुलासा