भीलवाड़ा

राजस्थान पुलिस का ‘दिलेर’ SHO लोकपाल सिंह राठौड़ अस्पताल में भर्ती- हालत नाज़ुक, पूरा महकमा कर रहा सलामती की दुआ  

Bhilwara SHO Lokpal Singh Rathore: भीलवाड़ा के सदर थाना प्रभारी लोकपाल सिंह राठौड़ की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। गंभीर अवस्था में उदयपुर रेफर, पूरा महकमा कर रहा सलामती की दुआ।
2 min read
Bhilwara SHO Lokpal Singh Rathore Admitted to Hospital Condition Critical Police Department Prays
Bhilwara SHO Lokpal Singh Rathore Admitted to Hospital

भीलवाड़ा के सदर थाना प्रभारी (CI) लोकपाल सिंह राठौड़ (38) के नेहरू विहार स्थित निजी आवास पर मंगलवार को हुई एक गंभीर घटना के बाद वे अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। आवास पर अचानक गोली चलने की घटना में सीआई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय उनकी पत्नी दूसरे कमरे में मौजूद थीं। इस अचानक हुई घटना से पूरे पुलिस महकमे और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।

प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें देर रात उदयपुर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल संपूर्ण पुलिस महकमा और उनके शुभचिंतक सीआई राठौड़ के जल्द से जल्द स्वस्थ होने और उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।

अचानक हुआ हादसा, अस्पताल के बाहर जुटी भीड़

मिली जानकारी के अनुसार, नेहरू विहार स्थित किराए के मकान में गोली चलने की आवाज सुनते ही दूसरे कमरे में मौजूद पत्नी दौड़कर पहुंचीं। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सीआई राठौड़ को लहूलुहान अवस्था में तुरंत महात्मा गांधी अस्पताल (MGH) ले जाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को अत्यंत नाजुक देखते हुए न्यूरोसर्जन की देखरेख में प्राथमिक उपचार दिया। स्थिति में सुधार न होने और हेड इंजरी की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें तुरंत उदयपुर के उच्च केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर के बाहर पुलिसकर्मियों, परिजनों और शुभचिंतकों का भारी जमावड़ा लग गया।

आला अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, जांच में जुटी टीमें

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक (SP) सागर राणा, एएसपी राजेश आर्य, सीओ सदर नेमीचंद चौधरी और सीओ सिटी सज्जन सिंह समेत कई अधिकारियों ने महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचकर डॉ. अरुण गौड़ और वरिष्ठ न्यूरोसर्जन से उनके स्वास्थ्य का अपडेट लिया।

भीमगंज थाना पुलिस और आला अधिकारियों ने नेहरू विहार स्थित आवास का मुआयना किया। फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) और मोबाइल फॉरेंसिक टीम (MOB) ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मौके से सर्विस रिवॉल्वर को अपने कब्जे में लेकर जांच की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

SHO Lokpal Singh Rathore - File PIC

मानसिक तनाव और पारिवारिक पहलुओं की पड़ताल

प्रारंभिक जानकारियों के अनुसार, बिजयनगर के बरल गांव के मूल निवासी लोकपाल सिंह राठौड़ का हाल ही में हुए तबादलों के बाद सदर थाने का प्रभार मिला था। वे दो साल पहले चित्तौड़गढ़ से स्थानांतरित होकर आए थे और इससे पहले जहाजपुर व बिजौलिया में अपनी सेवाएं दे चुके थे।

अधिकारियों के अनुसार, घटना से पहले वे काफी तनाव में नजर आ रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस इस घटना के पीछे के हर संभावित कारण और पारिवारिक व कार्यस्थल के तनाव से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

पुलिस अधीक्षक का आधिकारिक बयान

"सदर थाना प्रभारी लोकपाल सिंह राठौड़ के सिर में गोली लगने से गंभीर चोट आने का मामला सामने आया है। घटना के सही कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें अग्रिम और बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है।"— सागर राणा, पुलिस अधीक्षक (भीलवाड़ा)

Updated on:
05 Aug 2026 09:25 am
Published on:
05 Aug 2026 09:25 am