भीलवाड़ा

Bhilwara: घर में ताकझांक कर वीडियो बनाते युवक को टोका, तो यूनेस्को के स्टेट को-ऑर्डिनेटर को पीटा

Video Recording Dispute: भीलवाड़ा शहर के पॉश इलाके विजय सिंह पथिक नगर में मोबाइल से वीडियो बनाने की मामूली सी बात पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पड़ोस में रहने वाले एक परिवार ने यूनेस्को संगठन के स्टेट को-ऑर्डिनेटर गोपाल लाल माली (सैनी) पर जानलेवा हमला कर दिया।
2 min read
UNESCO State Coordinator Assault Case
पत्रिका फाइल फोटो

Video Recording Dispute: भीलवाड़ा शहर के पॉश इलाके विजय सिंह पथिक नगर में मोबाइल से वीडियो बनाने की मामूली सी बात पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पड़ोस में रहने वाले एक परिवार ने यूनेस्को संगठन के स्टेट को-ऑर्डिनेटर गोपाल लाल माली (सैनी) पर जानलेवा हमला कर दिया। महासभा के प्रदेश महामंत्री गोपाल लाल माली को हमले में गंभीर चोटें आने के कारण माली को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह है पूरा घटनाक्रम

घटनाक्रम के अनुसार, गोपाल लाल माली हमेशा की तरह भोजन करने के लिए अपने घर आए थे। इस दौरान उनकी नजर पड़ोस में रहने वाले अंकुर जैन पर पड़ी, जो अपने मोबाइल से माली के घर और बालकनी की तरफ तांक-झांक करते हुए वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था। उस वक्त बालकनी में घर की महिलाएं भी मौजूद थीं। अपनी निजता का उल्लंघन होते देख माली ने बाहर आकर अंकुर से वीडियो बनाने की वजह पूछी और इस हरकत का विरोध किया तो बात बढ़ गई।

आरोप है कि विरोध से बौखलाए अंकुर जैन, उसकी पत्नी शिखा और बेटे हर्ष ने गोपाल माली पर लाठी-डंडों व लात-घूसों से हमला बोल दिया। मारपीट में माली को गंभीर चोटें आई। गंभीर धाराओं में केस दर्ज होने के बाद पुलिस अब पुरानी आपसी रंजिश को लेकर भी पड़ताल कर रही है।

पड़ोसियों ने किया बीच बचाव

आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर दौड़े और बीच-बचाव किया, तब तक माली को गंभीर चोटें आ चुकी थीं। सुभाषनगर थाना प्रभारी कैलाश विश्नोई ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हमले में गोपाल लाल को काफी चोटें आई हैं और पीड़ित की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरे पक्ष (अंकुर जैन) की ओर से भी एक काउंटर रिपोर्ट थाने में दी है।

यूनेस्को संगठन के हैं स्टेट कॉर्डिनेटर

मिली जानकारी के अनुसार माली महासभा के प्रदेश महामंत्री गोपाल लाल माली पर हुए हमले से कॉलोनी में भय का माहौल है। माली यूनेस्को के स्टेट कॉर्डिनेटर हैं और घर से ही संगठन के कार्यों को संचालित करते हैं। अस्पताल में भी गोपाल लाल माली की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Published on:
26 Jun 2026 01:45 pm