भीलवाड़ा

दुबई में भीलवाड़ा के व्यापारी का अपहरण मामला : पुलिस ने ‘लुत्फी गैंग’ की तोड़ी कमर, तीन गुर्गे गिरफ्तार

दुबई में भीलवाड़ा के कारोबारी के अपहरण और करोड़ों की रंगदारी वसूली के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। 'लुत्फी गैंग' के दो और गुर्गों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी मोइन खान से पुलिस रिमांड में पूछताछ जारी है। अब मास्टरमाइंड फजले रऊफ उर्फ लुत्फी को दुबई से भारत लाने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।
2 min read
Jul 15, 2026
Bhilwara
Bhilwara: तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने जाती सुभाषनगर पुलिस (फोटो-पत्रिका)

भीलवाड़ा। दुबई में भीलवाड़ा के एक कारोबारी का अपहरण कर फिरौती वसूलने के सनसनीखेज मामले में भीलवाड़ा पुलिस लगातार बड़ी कार्रवाई कर रही है। गैंग के सरगना और पूर्व पार्षद फजले रऊफ उर्फ लुत्फी पर शिकंजा कसने के बीच पुलिस ने उसके दो और करीबी गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें 25 हजार रुपए का इनामी बदमाश मोइन खान और उसका सहयोगी वसीम मोहम्मद शामिल हैं। इससे पहले गिरफ्तार किए गए योगेश मूंदड़ा के साथ तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां मोइन को पुलिस रिमांड पर भेजा गया, जबकि योगेश और वसीम को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

सुभाष नगर थाना पुलिस की कार्रवाई के अनुसार, मोइन खान लंबे समय से पुलिस की तलाश में था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह दुबई से भारत लौटने के बाद छिपकर रह रहा है। जांच में सामने आया कि गैंग के सरगना लुत्फी पर दुबई में गिरफ्तारी का दबाव बढ़ने के बाद मोइन भारत आ गया था। यहां उसे वसीम मोहम्मद ने पनाह दी। दोनों पहले भीलवाड़ा और बाद में पहचान छिपाने के लिए उदयपुर में रह रहे थे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

व्यापारी को दुबई में किया अगवा

पुलिस के अनुसार, कारोबारी मुकेश टेलर को जुलाई की शुरुआत में दुबई में अगवा कर एक फ्लैट में कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया था। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और फिरौती के लिए दबाव बनाया गया। आरोप है कि बदमाशों ने कारोबारी से 48 लाख रुपए वसूले, जबकि भीलवाड़ा में मौजूद उसकी पत्नी और परिजनों पर मानसिक दबाव बनाकर 40 लाख रुपए के चेक भी हासिल किए। चेक की पुष्टि मिलने के बाद ही कारोबारी को छोड़ा गया।

फजले रऊफ का फ्लैट था ठिकाना

जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात का मुख्य ठिकाना दुबई में पूर्व पार्षद फजले रऊफ उर्फ लुत्फी का फ्लैट था। पुलिस का मानना है कि यह पूरा नेटवर्क संगठित तरीके से फिरौती और अवैध वसूली का काम करता था। गिरफ्तार आरोपी मोइन से पूछताछ में इस अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़े कई और अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

यह वीडियो भी देखें :

फजले रऊफ के खिलाफ लुकआउट नोटिस

पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन में चल रही जांच के तहत अब मास्टरमाइंड लुत्फी को दुबई से भारत लाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया जा चुका है और प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया पर भी काम चल रहा है। वहीं, मामले के एक अन्य फरार आरोपी राजा पठान की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस का कहना है कि इस अंतरराष्ट्रीय रंगदारी गिरोह से जुड़े हर सदस्य तक पहुंचने के लिए जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।

Updated on:
15 Jul 2026 09:56 pm
Published on:
15 Jul 2026 09:56 pm