
पूर्व पार्षद और भगोड़ा अपराधी फजले रउफ शेख उर्फ लुत्फी के साथ गिरफ्तार आरोपी योगेश मूंदडा की फोटो: पत्रिका
Rajasthan Crime News: टेक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा में सात समंदर पार दुबई से संचालित हो रहे खौफनाक संगठित अपराध का भीलवाड़ा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित एक्शन ने सरहद पार बैठकर रंगदारी का नेटवर्क चलाने वाले भीलवाड़ा के एक शातिर और भगोड़ा अपराधी पूर्व पार्षद फजले रउफ शेख उर्फ लुत्फी के गिरोह के एक गुर्गे योगेश मूंदडा को गिरफ्तार कर लिया। जबकि इसी मामले में दूसरे की तलाश जारी है। सरगना लुत्फी के दुबई में एक मामले में गिरफ्तारी होने पर जिला पुलिस अब प्रत्यर्पण संधि के आधार पर उसे भीलवाड़ा लाने की तैयारी में जुट गई है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने तत्काल कमान संभाली और एएसपी पारस मल जैन और डीएसपी नेमीचंद के मार्गदर्शन में सुभाषनगर थाना प्रभारी कैलाश कुमार विश्नोई की विशेष टीम ने तेजी से कार्रवाई की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुकदमा दर्ज होने के महज 9 घंटे के भीतर इस संगठित गिरोह के एक सक्रिय सदस्य योगेश को दबोच लिया जबकि दूसरे आरोपी राजा उर्फ राजू पठान की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
वारदात की शुरुआत 1 जुलाई 2026 को हुई, जब दुबई में लुत्फी और उसकी गैंग ने भीलवाड़ा के मुकेश टेलर को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और करीब पौन दो लाख एमिरेट्स एनबीडी दिरहम के चार चेक ऐंठ लिए। इसके बाद खौफ का यह खेल भीलवाड़ा पहुंचा जहां लुत्फी के इशारे पर आधी रात को उसके गुर्गों ने पीड़ित के पथिक नगर स्थित मकान पर धावा बोलकर उसकी पत्नी से 40 लाख रुपए के चेक जबरन वसूल लिए।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में केस दर्ज कर शनिवार रात लुत्फी के गुर्गे भीलवाड़ा के ही न्यू हाउसिंग बोर्ड शास्त्रीनगर निवासी योगेश मूंदड़ा (50 ) को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी विश्नोई ने रविवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया।
वांछित और 10 हजार रुपए का इनामी अपराधी लुत्फी, जिसके खिलाफ पहले से लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी है, ने दुबई को अपना सुरक्षित ठिकाना बना रखा था। वहां से सट्टा, अवैध ब्याज और रंगदारी का काला साम्राज्य चला रहा था और अपनी काली कमाई से भीलवाड़ा में अवैध संपत्तियां खड़ी कर रहा था। जिस पर अब पुलिस ने प्रहार करना शुरू कर दिया है। साइबर और इकोनॉमिक फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद से उसकी संपत्तियों को फ्रीज और अटैच करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक दुबई पुलिस ने लुत्फी को एक अन्य मामले में दबोच लिया है। चूंकि भारत और दुबई के बीच प्रत्यर्पण संधि है इसलिए भीलवाड़ा में दर्ज गंभीर मुकदमों के आधार पर राजस्थान पुलिस की क्राइम ब्रांच, सीबीआई और केंद्रीय गृह मंत्रालय के समन्वय से इस भगोड़े को जल्द से जल्द भारत लाने की कवायद तेज हो गई है।
Updated on:
13 Jul 2026 06:40 am
Published on:
13 Jul 2026 06:40 am
