भीलवाड़ा

सभापति ललिता समदानी को भाजपा से छह साल के लिए निकाला,  प्रदेशाध्यक्ष ने अनुशासनहीनता के आरोप में की कार्रवाई

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
• •
Updated: 3 Aug 2018, 7:01 AM IST
Chairman Semdani expelled BJP's membership six years in bhilwara
Chairman Semdani expelled BJP's membership six years in bhilwara

भीलवाड़ा।

आए दिन विवादों के कारण सुर्खियों में चल रही भीलवाड़ा नगर परिषद की सभापति ललिता समदानी को आखिरकार भाजपा से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने गुरुवार रात को समदानी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया। पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में यह कार्रवाई की है। जानकारों के अनुसार पार्टी आलाकमान ने समदानी को सभापति पद से इस्तीफा देने के लिए कहाथा, लेकिन उन्होंने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्हें गुरूवार रात को पार्टी से निष्कासित कर दिया। पार्टी से निष्कासन के बाद अब सभापति पद से उनका हटना तय माना जा रहा है।

सभापति समदानी का भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और अपने ही पार्षदों से ठनी हुई थी। उन पर भ्रष्टाचार को लेकर कई आरोप लगे है। इस सम्बच्ध में एसीबी में परिवाद भी दर्ज हो चुका है। आयुक्त पद्मसिंह नरूका से भी उनकी अनबन चल रही थी। उपसभापति मुकेश शर्मा के नेतृत्व में भाजपा के करीब २२ पार्षद आए दिन सभापति के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सभापति की शहर विधायक वि_लशंकर अवस्थी व सांसद सुभाष बहेडि़या से भी नहीं बन रही थी। कुछ दिनों पूर्व एक प्रतिनिधिमंडल ने भी मुख्यमंत्री को भी शिकायत की थी।

एक सप्ताह पहले मांगा था इस्तीफा

जानकारों के अनुसार पार्टी ने सभापति समदानी से पिछले सप्ताह ही इस्तीफा मांग लिया था, पर समदानी ने यह कहते हुए इस्तीफा देने से मना कर दिया कि वे मनोनीत नहीं बल्कि निर्वाचित जनप्रतिनिधि है। उन्हें पार्षदों ने चुना है। इसलिए इस्तीफा नहीं देंगी।

ये बड़े आरोप- विवाद, जिनके कारण गाज गिरी
नगर परिषद में ऑटो टिपर खरीद हुई। इसमें भ्रष्टाचार की शिकायत हुई। मामला एसीबी में है।

शहर में स्वीकृत जगह के बजाय दूसरी जगह पर सीसी सड़क का निर्माण हुआ। इसमें पद के दुरुपयोग का आरोप है।
नगर परिषद में मोबाइल एप निर्माण हुआ। आरोप है कि इसमें तीन एप का बजट उठाया, जबकि एक ही बना।खुद के घर में अतिक्रमण को नियम विरुद्ध जाकर नक्शा पास करने का आरोप
शहर में बन रहे अवैध कॉम्पलेक्स व अतिक्रमण में सैकड़ों नोटिस जारी हुए ,पर कार्रवाई नहीं हुई। इसमें भी भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं।

विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी व सांसद सुभाष बहेडि़या ने शहर में काम स्वीकृत किए। सभापति ने इनमें भी नियम विरुद्ध जाकर फाइल रोक दी। इसे भी पार्टी ने गलत माना है।

आयुक्त से नहीं बनी, अटका हुआ था विकास

सभापति ललिता समदानी व आयुक्त पद्मसिंह नरूका के बीच खासी अनबन थी। दोनों ने आपस में बैठकर कभी विकास पर चर्चा नहीं की। शहर में पिछले छह माह से कोई बड़ी निविदा नहीं हुई। हरणी का रोपवे प्रोजेक्ट, आजाद चौक व चित्रकूट धाम की बेसमेंट पार्र्किंग, आर्ट गैलेरी आदि प्रमुख प्रोजेक्ट अटके पड़े हैं। शहर में अतिक्रमण हो गया। वहीं वार्डों का विकास रुका पड़ा है। इसमें कांग्रेस के साथ ही भाजपा के करीब 22 पार्षद लगातार विरोध कर रहे थे।

मैने कोई गलत काम नहीं किया, सच सामने आएगा

'' मैंने कोई गलत काम नहीं किया है। हमेशा वही काम किया, जो नियमों में था। मुझे पार्टी से निष्कासन के संबंध में अभी कोई आदेश नहीं मिला है। यदि मिलेगा तो पार्टी आलाकमान से पूछूंगी कि एेसी क्या अनुशासनहीनता की है। पिछले कई बरसों से पार्टी की सेवा कर रही हूं।

- ललिता समदानी, सभापति

Published on: