
मांडलगढ/ बरूंदनी।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव डॉ.सी पी जोशी ने मंगलवार दोपहर मांडलगढ़ के दशहरा मैदान में जन संवाद कार्यक्रम के जरिए आगामी विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश व देश में कांग्रेस का जनाधार बढ़ा है। अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस फिर सत्ता में लौटेगी। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस राहुल-सोनिया गांधी की अगुवाई में बड़ी पार्टी के रूप में उभरेगी। माण्डलगढ विधानसभा उपचुनाव में जोशी की अगुवाई में मिली जीत के बाद जोशी पहली बार माण्डलगढ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार जताने पहुंचे।
जोशी ने कहा कि भाजपा जनता को जुमलों की नीति देती है। युवाओं को पकोड़े बनाने की नसीहत देती है और रोजगार की बात नहीं करती। देश मे संसदीय लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है, जिससे खतरा पैदा हो रहा है। ऐसा ही चलता रहा तो भारत खण्ड-खण्ड हो जाएगा। कांग्रेस हिन्दू, मुस्लिम, सिख, जैन, बौद्ध सहित सभी वर्गों के विकास का विजन लेकर चलती है।
जीत से ज्यादा खुश नहीं हों कार्यकर्ता, चुनौतियां बढ़ी है
उन्होंने कहा कि मांडलगढ़ समेत तीन उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर कार्यकर्ताओं को अब ज्यादा खुश नहीं होने की बजाय चुनौतियों पर ध्यान देना होगा, क्योंकि हार से भाजपा और सजग हो गई है। कांग्रेस के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में चुनौतियां बढ़ेगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एक जुट होकर पार्टी हित में कार्य करना होगा। जोशी ने चुनाव में सोशल मीडिया पर चलने वाली फैक न्यूज से सावधान रहने की जरूरत बताई। जोशी ने कहा कि चुनाव में पार्टी की ओर से टिकट एक ही व्यक्ति को मिलेगा। पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाए, सभी कार्यकर्ताओं को उसे जिताने के लिए समर्पित भाव से कार्य करना होगा। कार्यकर्ता अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं, मन मुटावों को त्यागते हुए एकजुट होकर पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करें।
जोशी ने सुनाई केवल अपने मन की बात
कार्यक्रम में जोशी ने अपने ही मन की बात रखी। जनसंवाद की बारी आई तो कार्यक्रम समाप्त हो गया। इसके बाद उन्होंने मंच पर ही कार्यकर्ताओं से रामा श्यामा की। कई कार्यकर्ताओं ने जोशी के साथ सेल्फी लेते हुए संतोष किया। वहीं पंचायतवार कार्यकर्ताओं से जनसंवाद की तैयारी धरी रह गई। जहाजपुर विधायक धीरज गुर्जर तक कार्यक्रम में नहीं दिखे। रामलाल जाट भी जनसंवाद से पहले जोशी से मिल कर चले गए। दूसरी तरफ कार्यक्रम में कांग्रेस की गुटबाजी भी उभर कर आई।
मंच पर सिर्फ जोशी के लिए ही कुर्सी
जनसंवाद कार्यक्रम में मंच पर एक मात्र कुर्सी जोशी के लिए ही लगाई है, जिससे वरिष्ठ नेताओं को इधर-उधर खड़े रहते हुए यहां फिर कार्यकर्ताओं के बीच में बैठकर जोशी का भाषण सुनना पड़ा। मंच की व्यवस्था से वरिष्ठ नेता नाखुश नजर आए, दूसरी तरफ जनसंवाद के लिए पहुंचे मांडलगढ़ ब्लाक से कार्यकर्ता भी उनकी बात नहीं सुनी जाने से से निराश ही लौटे। जनसंवाद कार्यक्रम से पूर्व जोशी कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता भंवर लाल जोशी से मिलने उनके लाडपुरा आवास पर भी गए।
सिर्फ कांग्रेस की जीत
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से मुख्यमंत्री के नाम को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व सचिन पायलट का नाम आने के मीडिया के सवाल पर जोशी ने केवल कांग्रेस की जीत की बात कही।
ये थे मौजूद
जनसंवाद कार्यक्रम को कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष रामपाल शर्मा, विधायक विवेक धाकड़, प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चांदना, मांडलगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी, पूर्व विधायक प्रदीप कुमार सिंह, कन्हैयाल धाकड़, हीरालाल गुर्जर व राहुल माथुर ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान जिला महासचिव महेश सोनी, दुर्गेश शर्मा, कैलाश व्यास, अनिल डांगी, व ओमनराणीवाल, कैलाश त्रिवेदी, हगामीलाल मेवाड़ा व महावीर जीनगर, विजय सिंह ,सुशीला सालवी, मधु जाजू सुमित्रा कांटिया, इंदिरा सोनी तथा ब्लॉक अध्यक्ष अनीता सुराणा ,महिला बिजौलिया ब्लॉक अध्यक्ष शोभा टाक, ब्लॉक यूथ अध्यक्ष गोपाल गुर्जर, नगर अध्यक्ष रसीद आसाम,लादू लाल खटीक, रफीक टांक, जफर टांक मुकेश सोनी आदि मौजूद थे।