
भीलवाड़ा।
रायला थाने के एक सिपाही पर परिवार को परेशान करने और धमकाने का आरोप है। इस सम्बंध में पुलिसकर्मी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक को शिकायत की गई। शिकायत की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार रूपाहेली खुर्द हाल रायला निवासी मुरली कुमावत ने शिकायत में आरोप लगाया कि रायला निवासी एक व्यक्ति से उसका लेनदेन विवाद चल रहा है। इसे लेकर मुरली के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की।
रायला थाने में रिपोर्ट दी गई थी। इसकी कार्रवाई रायला थाने के सिपाही बबलू मीणा के पास थी। तीन दिन तक कार्रवाई नहीं। उसके बाद मुरली और दूसरे पक्ष को भी शांतिभंग में पाबंद कराया गया। उसके बाद भी पुलिसकर्मी बबलू पिछले काफी समय से मुरली और उसके परिवार को परेशान कर रहा है। फोन कर धमका रहा है। वहीं उसके घर पर भी पहुंच कर परिवार से बदसलूकी की। इससे परिवार दहशत में है।
इस सम्बंध में सिपाही बबलू का कहना था कि लगाए गए आरोप निराधार है। दूसरे पक्ष की ओर से मारपीट की रिपोर्ट आई थी। उस सबंध में मुरली को बुलाया था। फोन पर धमकाया नहीं।
घर पर खाना खा रहे पिता-पुत्र पर कुल्हाड़ी से हमला
बनेड़ा. क्षेत्र के सुल्तानगढ़ गांव में शनिवार रात को घर पर खाना खा रहे पिता-पुत्र पर आपसी विवाद को लेकर कुछ लोगों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में लहूलुहान हुए पिता-पुत्र को जिला मुख्यालय के लिए रैफर किया। बनेड़ा थाना पुलिस ने हमले का मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार सुल्तानगढ़ निवासी देबीलाल नायक व उसका पुत्र नारायण पर रात में घर पर खाना खा रहे थे। इस बीच उनके समाज के ही कुछ लोग घर पहुंचे। वहां उनकी पिता-पुत्र से विवाद हो गया। मामले ने गम्भीर रूप ले लिया और पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। 108 पायलट मुरर्शिद खान कायमखानी ने उनको बनेड़ा अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पुलिस भी वहां पहुंच गई। हमलावरों को देर रात तक नामजद करने का प्रयास किया जा रहा था।