भीलवाड़ा

भीलवाड़ा : फिर मानवता हुई शर्मसार, नवजात बच्ची को झाड़ियों में फेंका, जंगली जानवरों ने नोच-नोचकर मार डाला

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नवजात बच्ची को झाड़ियों में छोड़ दिया गया, जिसके अंगों को जंगली जानवर नोचकर खा गए।

less than 1 minute read
Jan 25, 2026
Bhilwara new born baby
नवजात को उठाने जाता एंबुलेंस कर्मी (फोटो-पत्रिका)

भीलवाड़ा। बनेड़ा थाना क्षेत्र के नानोदिया गांव से दिल दहला देने वाली और मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। नानोदिया गांव में एक निर्दयी मां ने अपनी नवजात बच्ची को सड़क किनारे झाड़ियों में छोड़ दिया, जहां मासूम को जंगली जानवरों ने नोच डाला। घटनास्थल आई तस्वीरें इतनी भयावह हैं, कि हम उन्हें दिखा नहीं सकते।

स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस सेवा के पायलट प्रभु प्रजापत एवं मेल नर्स गिरिराज पायक तत्काल मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस कर्मियों ने नवजात के शव को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनेड़ा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद नवजात बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

इलाके में पुलिस कर रही पूछताछ

घटना की सूचना मिलते ही बनेड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है तथा नवजात को छोड़ने वाली महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

हृदयविदारक घटना से सनसनी

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर सरकार द्वारा 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' जैसे अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इस तरह की घटनाएं समाज की संवेदनहीनता और जागरूकता की कमी को उजागर करती हैं।

पहले भी आ चुकी है ऐसी घटनाएं

प्रशासन और समाज दोनों के लिए यह घटना एक गंभीर चेतावनी है कि नवजात शिशुओं की सुरक्षा और महिलाओं को जागरूक करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसी अमानवीय घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। कुछ महीने पहले भी इसी तरह की एक घटना सामने आई थी, जहां पर एक महिला ने अपने नवजात शिशु को गर्म पत्थरों के बीच रख दिया था।

Published on:
25 Jan 2026 04:19 pm