भीलवाड़ा

Rajasthan Election 2018: खुली बगावत, मेघवाल को टिकट देने का विरोध, 142 भाजपाइयों ने दिए इस्तीफे

सात विधानसभा क्षेत्रों में चार में भाजपा के टिकट तय होते ही विरोध के सुर उठने लगे हैं।

less than 1 minute read

शाहपुरा(भीलवाड़ा)। जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में चार में भाजपा के टिकट तय होते ही विरोध के सुर उठने लगे हैं। शाहपुरा सुरक्षित सीट से भाजपा की ओर से विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल को दुबारा प्रत्याशी घोषित करने पर मंगलवार को 142 पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

पांचायत समिति प्रधान गोपाल गुर्जर व पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह की अगुवाई में पदाधिकारियों की बैठक में मेघवाल को टिकट देने पर विरोध जताया गया। बैठक में मेघवाल को हराने का निर्णय करते हुए 142 पदाधिकारियों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

ये लगाए आरोप
इस्तीफा देने वालों का आरोप है कि मेघवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं का अपमान करते हुए कांग्रेस पदाधिकारियों को तवज्जो दी। उन्होंने कभी भाजपा कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान नहीं दिया। केवल विकास के नाम पर दुबारा जीत नहीं हो सकती। इस्तीफा देने के बाद भाजपा के जिला, प्रदेश व राष्ट्रीय पदाधिकारियों को अवगत करा दिया है। मेघवाल के टिकट पर पुनर्विचार की मांग की गई है।

पूर्व जिला उपाध्यक्ष व खामोर सरपंच राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि मेघवाल के संवैधानिक पद पर होने के बाद भी हर बार उनके दौरे में कांग्रेस पदाधिकारी साथ चलते और मंचों पर शिरकत करते थे। बैठक में पूर्व उप प्रधान गोपाल धूपड़, पूर्व महामंत्री विमल झंवर, भाजपा जिला मंत्री मूलसिंह गिरडिय़ा, अविनाश जीनगर, किसान मोर्चा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रामजस गुर्जर, पूर्व सीआर दुर्गाशंकर शर्मा, सरपंच संघ अध्यक्ष निहाल माहेश्वरी आदि उपस्थित थे।

भीलवाडा भाजपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण डाड ने कहा कि शाहपुरा से कार्यकर्ताओं के फोन आए हैं। उन्होंने इस्तीफा देने की बात कही है। मैंने उनसे कहा है कि इस्तीफे देने से पहले बात करनी चाहिए। मैंने बुधवार को शाहपुरा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को बुलाया है। किसको क्या नाराजगी है, इस पर चर्चा कर प्रदेश नेतृत्व को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

ये भी पढ़ें

RAJASTHAN ELECTION 2018-हेमाराम-हरीश ने नहीं किया पार्टी की घोषणा का इंतजार-
Published on:
13 Nov 2018 09:40 pm
Also Read
View All