भीलवाड़ा

राजस्थान में यहां खाद्य तेल से भरा टैंकर पलटा, लोग बाल्टी और कैन लेकर दौड़ पड़े

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के बनेड़ा क्षेत्र में शनिवार की सुबह मानपुरा के निकट मोड़ पर एक सूरजमुखी खाद्य तेल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया ।

less than 1 minute read
foor_oil_tanker_overturn.jpg

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के बनेड़ा क्षेत्र में शनिवार की सुबह मानपुरा के निकट मोड़ पर एक सूरजमुखी खाद्य तेल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया । बाद में क्षेत्रवासियों को सूचना मिलते ही बाल्टी और कैन लेकर दौड़ पड़े । सड़क पर बह रहे तेल को लूटने की जैसे होड़ सी लग गई। जिसे देखो वह बर्तनों में तेल भरकर दौड़ते हुए नजर आया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

दीवान गणपत सिंह ने बताया कि शनिवार की अल सुबह शाहपुरा-भीलवाड़ा मेगा हाईवे पर बनेड़ा घाटी के मोड़ पर एक तेल का टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। यह टैंकर नवासवा मुंबई से रवाना होकर बरेली उत्तर प्रदेश के लिए जा रहा था। टैंकर में सूरजमुखी खाद्य तेल भरा था। जिसके पलट जाने से उसमें भरा खाद्य तेल सड़क पर बह गया। घटना की सूचना मिलने पर काफी तादाद में ग्रामीण वहां पहुंच गए।

इसके बाद सड़क पर बह रहे खाद्य तेल को लूटने की लोगों में होड़ सी मच गयी। हर कोई शख्स अपने घरों से जो हाथ में आया वह बर्तन लेकर पहुंच गया और तेल लूटकर ले जाने लगा । इस दौरान वहां हाईवे पर कई बार जाम की स्थिति भी बन गई। बाद में घटना की सूचना मिलने पर बनेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। स्थिति को कंट्रोल में लेने के बाद बनेड़ा थाना पुलिस ने टैंकर को हाईवे से हटवाकर जाम खुलवाया।

Published on:
11 Feb 2023 08:36 pm