
भीलवाड़ा। मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र से उप चुनाव का परिणाम आ गया है। यहां भाजपा को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस प्रत्याशी विवेक धाकड़ ने बीजेपी प्रत्याशी शक्ति सिंह को करारी मात दी है।
कांग्रेस प्रत्याशी विवेक धाकड़ 12974 मतों से जीत गए हैं। इससे पहले रुझानों में बीजेपी को बढ़त मिल रही थी, लेकिन जैसे जैसे वोटों की गिनती बढ़ती गई, वैसे-वैसे भाजपा के प्रत्याशी शक्ति सिंह अपनी हार की ओर बढ़ते गए। हालांकि परिणाम कांग्रेस के खेमे में आया। वहीं, जीत के बाद कांग्रेस के कार्यकर्ता जश्न मनाना शुरू कर दिया और प्रत्याशी विवेक धाकड़ को बधाइयां देकर उनका मुंह मीठा करवाया। कांग्रेस में विवेक धाकड़ के लिए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत , प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट , पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सीपी जोशी ने जोर लगाया था।
मांडलगढ़ सीट का इतिहास देखें तो अब तक हुए 15 चुनाव में पांच बार जीत का अंतर तीन हजार से कम वोटों का रहा है। वर्ष 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में 82 फीसदी मतदान हुआ था, तब यहां भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला था।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल
परिणाम आते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। कार्यकर्ता ढोल नगाड़े के साथ जश्न मना रहे है और एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं।
मीडियाकर्मी से बदसलूकी
मीडियाकर्मी से यहां लगे एक सुरक्षा अधिकारी द्वारा बदसलूकी करने से नाराज मीडियाकर्मी धरने पर बैठ गए। बाद में अधिकारियों की समझाइश पर मीडियाकर्मी माने। जानकारी के अनुसार पुलिस उप अधीक्षक राजेश मीणा ने एक मीडियाकर्मी से बदसलूकी। इससे नाराज मीडियाकर्मी धरने पर बैठ गए।