भिलवाड़ा जिले के मानपुरा गांव में एक महिला ने अपने दो बच्चों की गल में कील मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद मां ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भिलवाड़ा: राजस्थान के भिलवाड़ा जिले में रविवार सुबह मांडलगढ़ थाने के अंतर्गत आने वाले मानपुरा गांव में संजू देवी (35) नाम की महिला ने अपने दो मासूम बच्चों—बेटी नेहा (12) और बेटे भैरू (7) की क्रूरता से हत्या कर दी। उसने टेंट गाड़ने वाली नुकीली कील से दोनों बच्चों के गले पर वार किए, जिससे दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
संजू ने दोनों बच्चों की हत्या करने के बाद अपने पति राजू तेली को फोन किया और कहा, मैंने दोनों बच्चों को मार दिया है। अब में खुद भी जहर खा रही हूं। पति ने तुरंत पड़ोसियों को इस घटना की सूचना दी। पड़ोसी छत के रास्ते घर में घुसे तो खून से सना फर्श और बच्चों के शव दिखे। संजू वहीं पास में गला पकड़कर तड़प रही थी।
बच्चों की हत्या करने के बाद संजू ने आत्महत्या की कोशिश में जहर खा लिया। जिसके बाद संजू को तुरंत मांडलगढ़ अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे भीलवाड़ा रेफर कर दिया। संजू का भीलवाड़ा में इलाज जारी है। परिजनों का कहना है कि संजू को लंबे समय से कैंसर था। जिससे वह बहुत परेशान रहती थी। बच्चेदानी का ऑपरेशन भी होना था। फिर भी वह समझदार और बच्चों से बहुत प्यार करने वाली मां थी। उसका इंस्टाग्राम अकाउंट बच्चों के साथ बनाए वीडियो और रील्स से भरा पड़ा था, डांस, खेलकूद, तैयार करके फोटो, सब कुछ। हाल ही में भी उसने भैरू का वीडियो डाला था। जिसमें वह मां के साथ नाचता दिख रहा था।
परिवार और रिश्तेदार हैरान हैं कि इतना प्यार करने वाली मां ने ऐसा कदम क्यों उठाया? चचेरे भाई नारायण तेली ने कहा कि संजू समझदार थी, घर-परिवार में कोई समस्या नहीं थी। बीमारी की वजह से परेशान जरूर थी, लेकिन बच्चों को मारने जैसा किसी ने सोचा नहीं था। उसकी बड़ी बहन सुनीता ने भी यही बात कही, संजू सुख-दुख शेयर करती थी। लेकिन यह कदम समझ से परे है। पुलिस जांच कर रही है कि आखिर क्या वजह थी इस क्रूर घटना की।