भीलवाड़ा

चालक के हाथ-पैर बांध 10 किमी दूर जंगल में पटका, 75 लाख का कपड़े से भरा ट्रक लूटकर भागे

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
• •
Updated: 1 Aug 2018, 8:43 PM IST
Robbed the truck driver in bhilwara
Robbed the truck driver in bhilwara

रायला।

भीलवाड़ा-अजमेर राजमार्ग पर ईरास चौराहे के निकट मंगलवार देर रात कार में आए चार लुटेरे ट्रक के आगे वाहन लगाकर चालक को बंधक बनाकर ले गए। दस किलोमीटर दूर जाकर चालक के हाथ-पैर बांधकर जंगल में पटक गए। 75 लाख के कपड़ों की गांठों से भरा ट्रक लेकर भाग गए। रायला थाना पुलिस ने बुधवार तड़के नाकाबंदी भी कराई, लेकिन लुटेरों का पता नहीं लगा। इस सम्बंध में मामला दर्ज किया गया है।


थानाधिकारी महावीरसिंह के अनुसार भीलवाड़ा से सुप्रीम फ्रेइटवे कैरियर्स ट्रासपोर्ट कम्पनी से 18 टन कपड़ों की गांठे लादकर रात में ट्रक दिल्ली के लिए रवाना हुआ। देर रात अलवर निवासी ट्रक चालक माकू तौफीक मेव लाम्बिया टोलनाका पार किया। ईरास चौराहे के निकट पीछे से कार में आए चार जनों ने ट्रक के आगे वाहन लगाकर रोक दिया। ट्रक रूकते ही पीछे कार में आए लुटेरों में से दो जनें ट्रक में चढ़ गए और चालक को बंधक बना लिया। एक व्यक्ति ट्रक लेकर रवाना हुआ। करीब दस किलोमीटर जाकर गांगलास के निकट जंगल में चालक के हाथ-पैर बांधकर जंगल में पटक कर ट्रक लेकर भाग गए।

आजाद किया और पहुंचा थाने, बताई आपबीती
जैसे-तैसे चालक अपने आपको आजाद करके रात तीन बजे रायला थाने पहुंचा और पुलिसकर्मियों को घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। उसके बाद पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी करा दी। वहीं घटनास्थल का मुआयना कियया गया। लेकिन लुटेरों का पता नहीं लागा। पुलिस टोलनाके और आसपास के सीसी कैमरों को खंगाल रही है। वहीं शाहपुरा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व गुलाबपुरा पुलिस उपाधीक्षक ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। ट्रांसपोर्ट कम्पनी के राजेन्द्र कुमार पाराशर भी थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि ट्रक में 70 से 75 लाख रुपए का कपड़ा भरा हुआ था। इसी तरह की वारदात 7 नवम्बर 2017 की रात को ईरास चौराहे पर हो चुकी है। उस समय चार-पांच नकाबपोश लुटेरे केमिकल से भरा टैंकर लूट ले गए ले गए थे। सात माह बाद भी रायला पुलिस लुटेरों को नहीं तलाश पाई।

Published on: