
भीलवाड़ा।
जहाजपुर क्षेत्र के विधायक धीरज गुर्जर के निजी सचिव से कोटड़ी थानाधिकारी भंवरसिंह गौड़ ने बदसलूकी की। धक्का-मुक्की कर राजकार्य में बाधा भी पहुंचाई। करीब ढाई माह पूर्व हुई घटना का मामला अदालत के दखल से कोटड़ी थाने में दर्ज कराया गया। पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार विधायक गुर्जर के निजी सचिव आरके कॉलोनी निवासी नरेन्द्र बापना ने मामला दर्ज कराया है। आरोप लगाया कि 9 मई को कोटड़ी में चारभुजा मंदिर में पूर्णाहुति महोत्सव कार्यक्रम में भक्तों की भीड़ थी। इसके चलते परिवादी बाफना ने कोटड़ी थानाधिकारी भंवरसिंह को फोन कर पर्याप्त जाप्ता लगाने को कहा। उसी दिन रात में मंदिर में कथा थी। स्टेज पर सामान्य व्यवस्था की देखरेख के लिए बाफना मौजूद थे।
इस दौरान थानाधिकारी पहुंचे और बाफना से बदसलूकी करने लगे। अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। बाफना को कहा, मंदिर में क्या व्यवस्था करनी है, वे समझाएंगे। इस दौरान बाफना के लोकसेवक का पता होते हुए भी थानाधिकारी ने धक्का-मुक्की कर स्टेज से गिरा दिया व राजकार्य में बाधा पहुंचाई। घटना से बाफना को शर्मिंदगी झेलनी पड़ी। इस सम्बंध में अगले दिन ही पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट दी गई थी। लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। आखिरकार बाफना को अदालत की शरण लेनी पड़ी।
इनका कहना है
लगाए गए आरोप झूठे व बनावटी है। प्रेशर में काम करवाना चाहते है जो संभव नहीं है। जो भी कार्य होगा नियमानुसार ही किया जाएगा।
- भंवरसिंह गौड़, थानाधिकारी, कोटड़ी
ट्रांसफार्मर चोरी
लाडपुरा. कस्बे में एक खेत से विद्युत निगम का ट्रांसफार्मर चोरी हो गया। जानकारी के अनुसार यहां धाकड़ खेड़ी मार्ग पर लाडपुरा निवासी भेरू लाल सनाढ्य के खेत पर लगा ट्रांसफार्मर अज्ञात चोर खोलकर ले गए वह सामान को नीचे बिखेर दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना विद्युत निगम के सहायक अभियंता लेखराज जांगिड़ को दी।