भीलवाड़ा

शुद्ध-आहार मिलावट पर वार: अब स्कूलों में गूंजेगा सेहत का मंत्र, जंक फूड के खिलाफ जंग में उतरेगा शिक्षा विभाग

भीलवाड़ा जिले के हर सरकारी स्कूल में लगेंगे ऑयल, शुगर और जंक फूड के नुकसान बताने वाले बैनर, 4802 बैनरों का होगा वितरण

2 min read
Apr 29, 2026
Attack on pure-food adulteration: Now the mantra of health will resonate in schools, the education department will enter the war against junk food.
शुद्ध-आहार मिलावट पर वार: अब स्कूलों में गूंजेगा सेहत का मंत्र, जंक फूड के खिलाफ जंग में उतरेगा शिक्षा विभाग

राजस्थान सरकार के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय की ओर से चलाए जा रहे शुद्ध-आहार मिलावट पर वार अभियान का दायरा अब स्कूलों तक पहुंच गया है। बच्चों को बचपन से ही मिलावटी और जंक फूड के नुकसान बताकर उन्हें स्वस्थ खान-पान के प्रति जागरूक करने के लिए शिक्षा विभाग ने कमर कस ली है। इसके तहत भीलवाड़ा जिले के सभी प्रारंभिक और माध्यमिक राजकीय विद्यालयों में विशेष जागरुकता बैनर लगाए जाएंगे। जयपुर से इन विशेष फ्लेक्स बैनरों की खेप मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंच चुकी है और बुधवार को ब्लॉक स्तर पर इनका वितरण किया जाएगा। इसे लेकर शिक्षा विभाग ने आदेश जारी किए हैं।

हर स्कूल को मिलेंगे 3 खास बैनर

जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक राजेन्द्र कुमार गग्गड़ ने बताया कि जिले के प्रत्येक सरकारी स्कूल में तीन अलग-अलग तरह के फ्लेक्स बैनर लगाए जाएंगे। सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों और पंचायत समिति स्तर के अधिकारियों को पाबंद किया गया है कि वे बुधवार को उचित परिवहन साधन के साथ स्थानीय कार्यालय में उपस्थित होकर अपने अधीन सभी स्कूलों के लिए ये सामग्री प्राप्त करें। खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय ने भीलवाड़ा शिक्षा विभाग को कुल 4802 फ्लेक्स बैनर की डिलीवरी दी गई है। हर विद्यालय में 1600 बैनर लगाए जाएंगे।

  • - ऑयल फूड बैनर: ज्यादा तेल और मिलावटी तेल से होने वाले नुकसान की जानकारी।
  • - जंक फूड बैनर: फास्ट फूड और पैकेट बंद आहार के शरीर पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति चेतावनी।
  • - शुगर फूड बैनर: अत्यधिक मीठे से होने वाली बीमारियों जैसे डायबिटीज, मोटापा के प्रति बच्चों को सचेत करना।

अभियान का उद्देश्य

आजकल स्कूली बच्चों में जंक फूड और पैकेट बंद स्नैक्स का चलन तेजी से बढ़ा है। इससे उनमें कम उम्र में ही मोटापे और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं देखने को मिल रही हैं। शुद्ध-आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत इन बैनरों को स्कूलों में ऐसी जगहों पर प्रदर्शित किया जाएगा जहां बच्चों की नजर रोजाना पड़े। इससे न केवल बच्चे, बल्कि स्कूल स्टाफ और अभिभावक भी मिलावट और अनहेल्दी फूड के खिलाफ जागरूक होंगे। विभाग ने इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत स्कूलों में बैनर चस्पा करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Published on:
29 Apr 2026 08:49 am