
भीलवाड़ा।
प्रतापनगर थाना पुलिस ने ऑनलाइन व्यापार का झांसा देकर लाखों की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति को सोमवार को देवगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। उसकी साढ़े पांच माह से तलाश थी। आरोपी के दो साथी अभी भी फरार चल रहे है।
थानाधिकारी रोहिताश देवंदा के अनुसार राजसमंद जिले के भीम निवासी नवीन उर्फ नरपत मेवाड़ा को गिरफ्तार किया है। उसके दो साथी नरेश मेवाड़ा व रूपेश चौधरी की तलाश की जा रही है। 7 जून 2018 को यश विहार के पीछे आदर्शनगर निवासी ईश्वरराम चौधरी ने मामला दर्ज कराया था। परिवादी ने बताया कि अक्टूबर-2017 में किसी काम से जोधपुर गए थे। वहां उसकी रूपेश चौधरी से मुलाकात हुई।
आपस में बातचीत के दौरान उसने एक अंतरराष्ट्रीय कम्पनी बीटीसी वल्र्ड टे्रड के बारे में बताया तथा कहा कि यह एक ऑनलाइन कम्पनी है। इस कम्पनी में व्यापार कर अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। इसके लिए परिवादी को कम्पनी में सदस्य बनने के लिए कहा। रूपेश ने कुछ दिनों बाद भीलवाड़ा आकर परिवादी और रिश्तेदारों को स्कीम समझाने की बात कहीं। नवम्बर-2017 में रूपेश साथी नवीन और नरेश को साथ लेकर भीलवाड़ा आ गया। पुर रोड पर होटल में रूका। उसने परिवादी ईश्वरराम को फोन करके होटल बुलाया। इस दौरान परिचित और रिश्तेदार को लेकर ईश्वरराम होटल पहुंच गया।
वहां आरोपियों ने लेपटॉप और दस्तावेजों के साथ कम्पनी के बारे में बताया और सदस्य बनाकर निवेश करने के लिए कहा। आरोपी के झांसे में लोग आ गए और लाखों रुपए कम्पनी के खाते में जमा करवा दिए। कुछ लोगों के खाते में मुनाफा रकम डाली गई। उसके बाद राशि डालना बंद कर दिया। तकाजा करने के बाद आरोपियों ने धमकाया। उसके बाद वह फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी नवीन के देवगढ़ में छिपे होने का पता चला। इस पर एक टीम को वहां भेजकर हिरासत में लेकर भीलवाड़ा लाया गया।