
भीलवाड़ा।
डाक विभाग श्रावण मास के दौरान शहर के प्रसिद्ध शिव मंदिरों में ऋषिकेश और गंगोत्री का गंगाजल उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग मंदिरों के प्रबंधकों से बात कर गंगाजल उपलब्ध करा रहा है। श्रद्धालुओं में गंगा जल से शिव के अभिषेक का चलन है। 150 एमएल तथा 500 एमएल में गंगोत्री और ऋषिकेश का गंगाजल मुख्य डाक घर के माध्यम से मिल रहा है।
डाक अधीक्षक केके बुनकर ने बताया, लोगों की मांग के आधार पर गंगोत्री-ऋषिकेश का गंगाजल उपलब्ध करा रहे हैं। बुधवार से हरणी महादेव में एक कर्मचारी इस काम में लगाया है। अन्य शिव मंदिरों में भी व्यवस्था कर रहे हंै। ऐसे शिव भक्तों के मांगने पर मुख्य डाकघर में भी यह व्यवस्था की गई है।
रूद्राभिषेक के लिए कमेटी गठित
देवस्थान विभाग एवं राजस्थान संस्कृति अकादमी के अगले सोमवार को करवाए जाने वाले वैदिक रूद्राभिषेक के लिए डॉ. देवालाल काष्ट की अध्यक्षता में बैठक हुई। भीलवाड़ा में रूद्राभिषेक प्रभारी रविंद्र जाजू ने कहा कि रुद्राभिषेक के लिए कमेट बनाई गई। जलधारा विकास संस्थान के महेश नवहाल, मनीष बहेडिया, कैलाश खोईवाल, अभिषेक जैन, सुमंगल सेवा संस्थान के सदस्य शिव नुवाल, रामचन्द्र मून्दडा आदि उपस्थित थे।
रामधाम में शिव का नियमित अभिषेक
रामधाम के पंडित रमा कांत शर्मा ने कहा, सावन में शिव के नियमित भजन व शिवलिंग का रूद्राभिषेक से भगवान प्रसन्न होते हैं। ऐसा करने वाले के सब दु:ख दूर हो जाते हैं। शर्मा बुधवार को श्रीरामधाम रामायण मंडल ट्रस्ट की रामधाम में सावन महोत्सव के तहत रूद्राभिषेक में शामिल श्रद्धालुओं को सम्बोधित कर रहे थे। शिव की सभी पूजा पद्धतियों में रूद्राभिषेक का श्रावण मास में विशेष महत्व है।
92 हजार ने दी परीक्षा
भारत विकास परिषद के प्रान्तीय महासचिव कैलाश अजमेरा ने बताया कि बुधवार को भारत को जानो प्रतियोगिता परीक्षा में 91,800 छात्र बैठे। परीक्षा के माध्यम से भारत की संस्कृति को जानने का अवसर मिला। प्रतियोगिता तीन जिलों के 540 सरकारी व निजी विद्यालयों में हुई। मुकेश लाठी ने बताया कि परीक्षा में कनिष्ठ वर्ग में कक्षा 6 से 8 तथा वरिष्ठ वर्ग में कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों ने हिस्सा लिया। परिणाम जल्द ही घोषित किए जाएंगे।