भीलवाड़ा

कथा के बीच अचानक मचा कोहराम, भक्ति में लीन उदयपुर की महिला श्रद्धालु की साइलेंट अटैक से मौत, चंद मिनटों में सब खत्म

Bhilwara News: भीलवाड़ा शहर के मेडिसिटी ग्राउंड में चल रही शिव महापुराण कथा के दौरान उदयपुर निवासी एक महिला श्रद्धालु की हृदयघात (साइलेंट अटैक) से मौत हो गई। इस घटना से पूरे कथा स्थल पर कुछ पल के लिए सन्नाटा पसर गया।
2 min read
Apr 08, 2026
Udaipur Woman Dies of Silent Heart Attack During Shiv Mahapuran Katha in Bhilwara Panic at Venue
शिव महापुराण कथा सुन रही उदयपुर की महिला श्रद्धालु का हृदयघात से मौत (फोटो-एआई)

Udaipur Woman Heart Attack in Bhilwara: भीलवाड़ा शहर के मेडिसिटी ग्राउंड में आयोजित हो रही भव्य 'शिव महापुराण कथा' के दौरान उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब कथा सुन रही उदयपुर की एक महिला श्रद्धालु की साइलेंट अटैक (हृदयघात) से मृत्यु हो गई। भक्ति और श्रद्धा के माहौल के बीच हुई इस अचानक मौत से पंडाल में कुछ समय के लिए सन्नाटा पसर गया।

मिली जानकारी के अनुसार, उदयपुर निवासी गोपाल सिंह की पत्नी सूरज कंवर अपने परिवार के साथ भीलवाड़ा में चल रही शिव महापुराण कथा का श्रवण करने आई थीं। बुधवार दोपहर जब पांडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा था और सभी भक्ति रस में डूबे थे, तभी अचानक सूरज कंवर के सीने में तेज दर्द उठा।

देखते ही देखते उनकी हालत बिगड़ने लगी। महिला की स्थिति को देख परिजनों और पास बैठे अन्य श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। कथा स्थल पर तैनात स्वयंसेवकों और व्यवस्थापकों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत पंडाल में बने अस्थायी चिकित्सा केंद्र पहुंचाया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें

प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीर पाया और उन्हें अविलंब महात्मा गांधी (एमजी) चिकित्सालय रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां इमरजेंसी वार्ड में तैनात चिकित्सकों ने उनका तुरंत ईसीजी (ECG) परीक्षण किया।

हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के उपरांत सूरज कंवर को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, महिला को संभवतः 'साइलेंट अटैक' आया था, जिसके कारण उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला।

गमगीन माहौल में उदयपुर रवाना हुआ परिवार

इस दुखद समाचार के मिलते ही कथा स्थल पर मौजूद अन्य श्रद्धालु भी स्तब्ध रह गए। अस्पताल में जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद, परिजन सूरज कंवर के पार्थिव शरीर को लेकर अपने पैतृक निवास उदयपुर के लिए रवाना हो गए। जहां एक ओर पूरा शहर शिव भक्ति के रंग में रंगा हुआ है। वहीं, इस हृदयविदारक घटना ने परिजनों और परिचितों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Updated on:
08 Apr 2026 09:41 pm
Published on:
08 Apr 2026 09:41 pm