
पुलिस के हत्थे चढ़ा ‘मनमौजी’ चोर (फोटो- पत्रिका)
Jaisalmer News: जैसलमेर में वह चोर एक बार फिर जेल की सलाखों के पीछे आ गया है, जो मनमौजी किस्म का है। जहां चोरी करता, वहां इत्मीनान से रुककर खाने-पीने का शौक भी पूरा करता।
पिछली बार एक इंजीनियर के यहां चोरी करने गया, तब दीवारों पर लिपिस्टिक से लिख गया था कि पुलिस में रिपोर्ट मत करना। उसके खिलाफ पुलिस थानों में डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं और पुलिस रिमांड से बचने के लिए अदालत में तुरंत चोरी करना स्वीकार कर लेता है। बार-बार चोरी करने वाला यह चोर जैसलमेर के बबर मगरा में निवास करने वाला तेजाराम सुथार है।
पुलिस ने तेजाराम सुथार को जोधपुर से पकड़ा है। वह गत 31 जनवरी को इंदिरा गांधी नहर परियोजना कॉलोनी निवासी एक सहायक अभियंता सोहन जांगिड़ के सूने घर में चोरी करने के मामले में वांछित था।
जहां उसने लैपटॉप, टीवी, परफ्यूम और कपड़े आदि चुराए और घर छोड़ने से पहले दीवार पर उसने लिखा कि घर में दारू रखते हो तो चिप्स भी रखा करो और यह भी कि थाने में शिकायत करोगे तो वक्त बर्बाद होगा, रिपोर्ट मत करना। आखिर में उसने अपना नाम बिहारी बाबू लिखा था।
कोतवाली थानाधिकारी सुरजाराम जाखड़ ने बताया कि आरोपी तेजाराम सुथार (39) एक पेशेवर अपराधी है और उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 18 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता, इसलिए उसे पकड़ना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वह जोधपुर में छिपा है। इस पर उसे गत मंगलवार को जोधपुर से पकड़ कर जैसलमेर लाया गया है। आरोपी जिस घर में चोरी करता है, वहां घंटों बिताता है। खाने-पीने की चीजों का इस्तेमाल करता है।
जानकारी के अनुसार, वह जेल से बाहर आते ही दोबारा वारदात को अंजाम देता। जब भी पकड़ा जाता है और उसे कोर्ट में पेश किया जाता है तो वह कोर्ट में चोरी करना स्वीकार कर लेता है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के पास से लैपटॉप बरामद किया है।
Published on:
08 Apr 2026 09:02 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
