भीलवाड़ा

ससुराल में युवक का पत्नी पर तलवार से वार, बचाव में आई सास भी घायल

शहर के जवाहरनगर में आपसी मनमुटाव के चलते ससुराल गए युवक ने रविवार को पत्नी पर तलवार से हमला कर दिया। बचाव में आई सास भी घायल हो गई
2 min read
Youth's wife attacked with sword in bhilwara
Youth's wife attacked with sword in bhilwara

भीलवाडा।

शहर के जवाहरनगर में आपसी मनमुटाव के चलते ससुराल गए युवक ने रविवार को पत्नी पर तलवार से हमला कर दिया। बचाव में आई सास भी घायल हो गई। घटना से इलाके में दहशत की स्थिति हो गई। दोनों को महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद युवक साथियों के साथ भाग गया। उसके खिलाफ प्रतापनगर थाने में मामला दर्ज कराया गया।


उपनिरीक्षक प्रकाश भाटी के अनुसार पांसल निवासी डालचंद गुर्जर और पत्नी लाली में मनमुटाव चल रहा था। इसके चलते लाली जवाहरनगर स्थित पीहर में रह रही थी। लाली ने अदालत में पति के खिलाफ केस कर रख था। इससे क्षुब्ध डालचंद साथियों के साथ दोपहर में जवाहरनगर स्थित ससुराल पहुंचा। वहां लाली से विवाद हो गया। तभी डालचंद ने पत्नी पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में लाली के सिर में गम्भीर चोट आई।

सास भी दौड़कर आई। बचाव में वह भी घायल हो गई। हंगामा सुनकर आसपास के लोग दौड़कर आए। इस दौरान हमलावर भाग गए। सूचना पर पुलिस भी वहां पहुंच गई। मां-बेटी को एमजीएच ले जाया गया। पुलिस ने दोनों के बयान लिए। पुलिस ने डालचंद के ***** मुन्ना गुर्जर की रिपोर्ट पर कातिलाना हमले का मामला दर्ज कर लिया।

साढू के घर से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत
भीलवाडा. चित्तौडग़ढ़ रोड स्थित समेलिया फाटक के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से रविवार को युवक की मौत हो गई। वहीं उसका बेटा घायल हो गया। युवक साढू के घर से लौट रहा था। सदर थाना पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज किया। सहायक उपनिरीक्षक धन्नलाल ने बताया कि मूलत: बारां निवासी महेन्द्र सोनी (40) मण्डपिया तिराहे पर चाय की होटल चलाता था। रविवार को पत्नी और तीन साल के बेटे वीनू को बाइक से लेकर पंचवटी में साढू के घर गया। वहां पत्नी को छोड़कर बेटे के साथ मण्डपिया आ रहा था कि समेलिया फाटक के निकट अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र घायल हो गए। दोनों को महात्मा गांधी अस्पताल लाया गया। यहां महेन्द्र को मृत घोषित कर दिया जबकि बालक को भर्ती कर लिया गया।

Published on:
25 Jun 2018 01:39 pm