
Bhind MLA Narendra Kushwaha Son News : गमगीन माहौल के बीच भिण्ड सदर के विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के बेटे पुष्पेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में बीजेपी नेता, कार्यकर्ताओं के साथ रिश्तेदार, परिचित, मित्र और परिजन उपस्थित थे। विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह अपने पुत्र के अंतिम संस्कार में भावुक हो उठे। पिता की याद में पोते को रोता देखकर विधायक के भी आंसू छलक उठे थे।
विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के छोटे बेटे पुष्पेंद्र सिंह पुस्सू का दिल्ली में उपचार के दौरान मंगलवार को सुबह निधन गया था। खबर हो मिलते शहर में शोक की लहर दौड़ गई और लोग उनके निवास पर जमा होने लगे थे।
पुलिस प्रशासन ने भारी भीड़ को देखते हुए यातायात को डायवर्ट कर दिया। शहर में कई कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए। नगरपालिका सीएमओ वीरेन्द्र चक्रवती ने आदेश जारी कर शाम 7 बजे से स्टेडियम परिसर में प्रस्तावित रावण दहन का कार्यक्रम रद्द कर दिया।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित प्रदेशभर के पार्टी नेताओं और मंत्रियों, विधायकों, सांसदों ने विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के बेटे पुष्पेंद्र सिंह पुस्सू के निधन पर शोक व्यक्त किया। केबिनेट मंत्री रोकेश शुक्ला, सांसद संध्या राय, ग्वालियर विधायक सतीश सिकरवार सहित अन्य लोग भी शोक व्यक्त करने पहुंचे।
पुष्पेंद्र सिंह ने मंगलवार सुबह दिल्ली के अस्पताल में अंतिम सांस ली थी। वह 35 साल के थे। परिजनों के अनुसार पुष्पेंद्र सिंह लिवर संबंधी गंभीर बीमारी से ग्रस्त हो गए थे। उनकी हालत खराब हो गई थी। पुष्पेंद्र सिंह को दिल्ली के इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज में वेटिलेटर पर रखा गया था। देहांत के बाद पुष्पेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार करने के लिए उनका शव दिल्ली से भिंड लाया गया। उनका अंतिम संस्कार विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा के लहार रोड स्थित फार्महाउस पर किया गया। पुष्पेंद्र का एक छह साल का बेटा है जिसने पिता को मुखाग्नि दी। बेटा बार बार अपने पिता को यादकर रोता रहा और विधायक नरेंद्र सिंह उसे दिलासा देते रहे। उसके आंसू पोंछते समय खुद भी भावुक हो गए।
बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भिंड विधायक के पुत्र के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए अपने एक्स हेंडल पर लिखा:
भिंड से भाजपा विधायक श्री नरेंद्र सिंह कुशवाह जी के सुपुत्र श्री पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह जी के असमय निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है।
दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं।
प्रभु पुण्यात्मा को अपने धाम में स्थान दें व इस कठिन परिस्थिति में शोकमय परिजनों का सामर्थ्य बनाएं रखें।
ॐ शांति।