
Bhind Girlfriend Murder Case: मध्यप्रदेश के भिंड जिले में दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्यारा कोई और नहीं बल्कि युवती का प्रेमी ही निकला है जिसने प्रेमिका की शादी दूसरी जगह तय होने से नाराज होकर वारदात को अंजाम दिया था। वारदात में आरोपी प्रेमी का भतीजा भी शामिल था। दोनों ने युवती की हत्या करने के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को रोड पर लाकर फेंक दिया था, लेकिन पुलिस ने उनके जुर्म का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब 4 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि फरदुआ मोड़ के पास युवती का शव हाइवे किनारे पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। युवती के अस्त-व्यस्त कपड़ों और गले पर चोट के निशान को देखकर शुरुआत से ही मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या और मौत से पहले दुष्कर्म की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने युवती के संपर्कों और घर से निकलने के बाद की गतिविधियों की जांच की।
तफ्तीश के दौरान पुलिस को करण सिंह परिहार नाम के युवक के बारे में पता चला। पुलिस ने करण सिंह को पकड़कर उससे पूछताछ की तो उसने सारा सच कबूल लिया। आरोपी ने बताया कि युवती से उसका पिछले 3-4 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती की शादी उसके परिवार वालों ने दूसरी जगह तय कर दी थी इसी बात से नाराज होकर उसने प्रेमिका की हत्या की साजिश रची। करण ने साजिश में अपने 20 वर्षीय भतीजे विजय सिंह परिहार को भी शामिल किया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी करण सिंह ने बताया कि 27 नवंबर की शाम करीब 6 बजे उसने सेवढ़ा मेला दिखाने के बहाने युवती को बुलाया। वो प्रेमिका और भतीजे विजय के साथ बाइक पर वहां से निकले और रात में संसीगढ़ के पास एक खेत में युवती के साथ दुष्कर्म किया। विजय सड़क पर निगरानी कर रहा था। वहीं पर करण ने युवती की गला घोंटकर हत्या की और फिर विजय के साथ बाइक पर शव को लेकर रात में 8 किमी दूर फरदुआ मोड़ पर लेकर पहुंचा। हत्या का हादसा दिखाने के लिए उन्होंने शव को बाइक से करीब 10 फीट तक घसीटा और फिर वहीं पर छोड़कर फरार हो गए थे।