MP News: प्रशासनिक कार्यप्रणाली एवं मनमानी के विरोध भाजपा विधायक भाटनताल पर धरने पर बैठ गए। विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार से नाराज भाजपा विधायक ने कहा- बिजली वितरण कंपनी कर रही मनमानी।
MP News:भिंड जिले के लहार विधायक अंबरीश शर्मा अपनी सरकार के खिलाफ धरने पर बैठ गए। प्रशासनिक कार्यप्रणाली एवं मनमानी के विरोध भाजपा विधायक अंबरीश शर्मा (BJP MLA Ambrish Sharma) भाटनताल पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने बिजली वितरण कंपनी के उप महाप्रबंधक पर लोगों को अनावश्यक परेशान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हमारे विधानसभा क्षेत्र में मनमानी की जा रही है। रेत खदानों के ठेके हो चुके हैं, लेकिन यहां काम नहीं हो रहा है, जिससे हमारी विधानसभा से लगे रौन में ट्रॉली चार से पांच हजार रुपए में मिल रही है, जबकि लहार के मिहोना में 11 हजार की मिलती है।
उन्होंने कलेक्टर को लेकर कहा कि संवेदनशील जिला संचालन के लिए उनके पास अनुभव नहीं है, उन्हें किसी छोटे जिले की जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। शर्मा ने कहा कि वो पिछले 35 साल से जनता की लड़ाई लड़ते आ रहे हैं और अब भी लोगों के हक के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह के परिवार की कोठी सरकारी रास्ते पर बनी है जिसको लेकर पौने दो साल से अनुसूचित जाति के लोग उनकी बस्ती का रास्ता खुलवाने के लिए धरने पर बैठे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही, इसलिए हमें धरने पर बैठना पड़ा।
उन्होंने कहा कि सीएस ने बिजली कंपनी के अधिकारी को हटाने के लिए तीन दिन का समय मांगा , लेकिन हमने कह दिया कि आज आदेश जारी नहीं हुआ तो धरना जारी रहेगा। इसके बावजूद सुनवाई नहीं हुई तो जल्द ही जिला मुख्यालय पर भी धरना दिया जाएगा। विधायक ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी और ‘कांग्रेसी मानसिकता’ के लोग योजनाओं को जनता तक नहीं पहुंचने दे रहे हैं।
विधायक शर्मा ने बिजली डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के डिप्टी जनरल मैनेजर पर तानाशाही रवैया दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि अधिकारी आम जनता के साथ बुरा बर्ताव करते हैं और शिकायत लेकर उनके पास आने वालों को डराते-धमकाते हैं। उन्होंने आगे बताया कि वह यह मामला पहले ही राज्य के ऊर्जा मंत्री और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया दोनों के सामने उठा चुके हैं लेकिन, अभी तक किसी भी अधिकारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।