भिंड

इनका हौंसला तो देखिए रोजे किए और पहुंच गए रक्तदान करने

संजीवनी संगठन के माध्यम से दोस्तों के साथ रक्तदान कर मनाई ईद
2 min read
• •
Jun 17, 2018
reachde, donate, blood, unit, Bhind news, bhind news in hindi, mp news
इनका हौंसला तो देखिए रोजे किए और पहुंच गए रक्तदान करने

भिण्ड. रक्तदान के प्रति शहर के लोगों में दिन पे दिन जागरूकता बढ़ रही है। यही वजह है कि भिण्ड में किसी को भी रक्त जरूरत होती है तो एक साथ कई युवा उमड़ पड़ते हैं। ऐसा ही हौंसला और जज्बा शहर के कुछ युवाओं ने शनिवार को दिखाया उन्होंने न केवल पूरे माह रोजे किए बल्कि ईद की नमाज अदा करने के बाद जरूरतमंदों को रक्त देने भी पहुंचे गए। रक्तदान के क्षेत्र में काम कर रहे संजीवनी संगठन जैसे अन्य संगठनों द्वारा तन, मन और धन समर्पित कर लोगों को नियमित रूप से जागरुक कर रहे हैं। संजीवनी संगठन के माध्यम से शनिवार को चार मुस्लिम युवाओं ने जरूरतमंद मरीजों को रक्तदान कर ईद मनाई।

एक माह के रोजे और कुरआन ए पाक की तिलावत करने के बाद गरीबों को खैरात और जकात देना दायित्वों में शामिल है। ऐसे में शहर के डॉ. नदीम खान, सगीर अंसारी, इरफान खान ने अपने दोस्त शिवेंद्र सविता के साथ जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में पहुंचकर चार ऐसे मरीजों के लिए रक्तदान किया जो जिंदगी और मौत से जूझ रहे थे। यहां बतादें कि चार साल पूर्व शहर में एक भी रक्तदान संगठन सक्रिय नहीं था। ऐसे में जरूरतमंद मरीजों को न केवल ग्वालियर के लिए रैफर कर दिया जाता था बल्कि कई बार उनमें से कुछ मरीज मौत का शिकार भी हो जाते थे।

नमाज पढऩे के बाद सीधे पहुंचे ब्लड बैंक : यहां बतादें कि ईद की नमाज अता करने के बाद लोग अपने घर पहुंचकर परिवार व रिश्तेदारों के साथ त्योहार मनाते हैं। लेकिन इन युवाओं को जब रक्त की कमी के कारण मौत से जूझने की खबर सुनी तो वे ईदगाह से सीधे जिला अस्पताल पहुंचे जहां संजीवनी रक्तदान संगठन के माध्यम से उन्होंने बारी-बारी से रक्तदान किया। रक्तदान के दौरान संजीवनी संगठन से बबलू सिंधी, दीपक चावला, संदीप कुशवाह, हिमांशु मिश्रा, पंकज मेहरोत्रा, कुलदीप शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

इन मरीजों के लिए किया गया रक्तदान

उल्लेखनीय है कि बीते चार दिन से जिला अस्पताल में भर्ती मरीज रिंकू बोहरे पुत्र राधेश्याम बौहरे निवासी सुभाष नगर, सीमा पत्नी इंद्रजीत सिंह भदौरिया भदाखुर, राजनश्री पत्नी गंगादीन निवासी मातादीन का पुरा अटेर रोड, बिट्टी देवी पत्नी विशंभर सिंह निवासी मेहगांव को रक्त नहीं मिल पा रहा था। ऐसे में उनके परिजनों का हाल बेहाल था। सभी चार युवाओं द्वारा रक्तदान करने के बाद उपरोक्त मरीजों की हालत में सुधार बताया गया है।

Published on:
17 Jun 2018 05:21 pm