भिंड

मंगेतर को शाम को किया आखिरी मैसेज, 7 घंटे बाद भिंड में मृत मिली युवती

Bhind Girl : पुलिस ने शुरू की जांच सड़क किनारे मिला युवती का शव, हत्या की आशंका, होनेवाले पति को किया था मैसेज
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 11:33 AM IST
भिंड की युवती ने मंगेतर को किया आखिरी एसएमएस
भिंड की युवती ने मंगेतर को किया आखिरी एसएमएस image AI

Bhind Girl : दबोह के वार्ड 15 स्थित कुरचानिया मोहल्ला में शनिवार सुबह से सन्नाटा पसरा है। यहां की निवासी युवती रीना विश्वकर्मा की शुक्रवार को मौत हो गई थी। स्वर्गीय जगमोहन विश्वकर्मा की पुत्री रीना का शव भिण्ड-भांडेर रोड पर फरदुआ तिराहे के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। रीना के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। मां मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण कर रही थी, जबकि दोनों भाई काम के सिलसिले में बाहर हैं। ऐसे में मां अपनी बेटी की अप्रेल में होनेवाली शादी की तैयारियों में जुटी थी। जिस घर से बेटी की डोली उठनी थी, वहां से उसकी अर्थी उठी। खास बात यह है कि मृतका रीना ने अपने मंगेतर को मैसेज किया था। इसके बाद वह घर से निकली तो करीब 7 घंटों बाद उसकी लाश ही मिल सकी।

हाइवे पर मिला शव

रीना का हाईवे पर शव मिला था। इसकी सूचना पर दबोह थाना प्रभारी रवि उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए लहार स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। लहार एसडीओपी ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। परिजनों ने रीना का अंतिम संस्कार किया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के बाद ही रीना की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

जांच चल रही है

दबोह टीआइ रवि उपाध्याय बताते हैं कि रीना की हत्या करने की आशंका है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। मामले की जांच कर रहे हैं। मां और पड़ौसियों से भी पूछताछ की है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

रीना की अप्रेल में होनी थी शादी

रीना की अप्रेल में विवाह होना था। परिवार खुशियों के इस मौके का इंतजार कर रहा था, लेकिन शादी से पहले ही घर में मातम छा गया। मां का कहना है कि वह गुरुवार को पूड़ी बेलने गई थी। शाम को घर लौटने के बाद नहाकर खाना खाया और सो गई। रात करीब 10 बजे उठकर देखा तो बेटी घर पर नहीं थी। मां ने पुलिस को बताया कि वह अपने स्तर पर बेटी की तलाश कर रही थी। हालांकि, उसने न तो थाने में शिकायत की और न ही रिश्तेदारों को सूचना दी। इन परिस्थितियों को भी पुलिस जांच के दायरे में रख रही है।

होने वाले पति को किया था मैसेज

पुलिस के अनुसार रीना ने गुरुवार की देर शाम घर से निकलने से पहले अपने होने वाले पति को एसएमएस किया था कि वह पूड़ी बेलने जा रही है और मोबाइल घर पर ही छोड़कर जाएगी। उसका मोबाइल घर पर मिला है।

Updated on:
28 Nov 2026, 11:33 AM IST
Published on: