भोजपुरी

अंजलि राघव संग ‘बैड टच’ के बाद अब इस मामले में बुरे फंसे पवन सिंह, FIR दर्ज होने के बाद वकील का बयान आया सामने

FIR Filed Against Pawan Singh: पवन सिंह के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर लिया गया है। उन पर गैर जमानती धाराएं लगी हैं। ऐसे में अब सवाल ये है कि आखिर एक्टर ने अब ऐसा क्या कर दिया? चलिए आपको बताते हैं।
2 min read
Sep 03, 2025
Pawan singh
पवन सिंह की तस्वीर (सोर्स: एक्टर इंस्टाग्राम)

Case Filed Against Pawan Singh: भोजपुरी सिनेमा से एक बड़ी खबर सामने आई है। मशहूर भोजपुरी एक्टर-गायक पवन सिंह के खिलाफ वाराणसी में धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है। इससे उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं क्योंकि इस केस में गैर जमानती धाराएं भी लगाई गई हैं। बता दें पिछले दिनों एक्टर, हरियाणवी एक्ट्रेस अंजलि राघव संग ‘बैड टच’ को लेकर विवादों में थे।

क्या है ये पूरा मामला?

ये पूरा मामला फिल्म निवेश घोटाले से जुड़ा हुआ है। वाराणसी के एक जिला न्यायालय ने एफआईआर दर्ज करने का आदेश 13 अगस्त 2025 को दिया था, लेकिन कैंट थाना के पुलिस अधिकारियों ने यह मामला दर्ज नहीं किया।

बुधवार को न्यायालय ने कैंट थाने के पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तुरंत मामला दर्ज करने का आदेश दिया। साथ ही न्यायालय ने तुरंत कार्रवाई न करने पर पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एक्शन लेने की भी बात कही है।

यह मामला 2018 का है। विशाल सिंह नाम के शख्स, जो एक बहुत बड़े व्यापारी हैं, उनके साथ फिल्म में निवेश करवाने के नाम पर धोखाधड़ी हुई। यह सब मुंबई में हुआ, इसमें भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह भी शामिल बताए जा रहे हैं। फिल्म का नाम 'बॉस' था, जो बनने के बाद रिलीज भी हो गई, लेकिन विशाल सिंह को कोई मुनाफे का कोई हिस्सा नहीं दिया गया।

इसकी शिकायत विशाल सिंह ने पुलिस में की थी, लेकिन वहां सुनवाई न होने के बाद वो कोर्ट के दरवाजे पहुंचे। बुधवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने कैंट थाने को मुकदमा दर्ज न करने पर फटकार लगाई, तब जाकर पवन सिंह सहित चार लोगों पर केस दर्ज हुआ है।

विशाल सिंह के वकील ने दी जानकारी

विशाल सिंह के वकील आशीष सिंह ने एक न्यूज एजेंसी (IANS) से बात करते हुए कहा, “यह मूवी को लेकर धोखाधड़ी पर मुकदमा दर्ज हुआ है। इसमें 420, 406, 467, 468, 506 जैसी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। भोजपुरी फिल्म के निर्माण के लिए प्रेम शंकर राय ने निवेश करवाया था। निवेश का पैसा करीब सवा करोड़ रुपए है। मूवी में पवन सिंह लीड एक्टर हैं, फिल्म रिलीज होने के बाद भी क्लाइंट का पैसा नहीं दिया गया। इस संदर्भ में हमने शिकायत की थी और अब न्यायालय ने मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। इसमें कुछ गैर जमानती धाराएं भी हैं।”

Published on:
03 Sept 2025 07:58 pm