
खेसारी लाल यादव (फोटो सोर्स- IMDb)
Khesari Lal Yadav Controversy: भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव के साथ पूर्णिया के खुर्दा महोत्सव में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। कार्यक्रम के दौरान भीड़ में मौजूद एक युवक ने स्टेज की तरफ अपनी चप्पल फेंक दी। चप्पल खेसारी लाल यादव की तरफ आई तो कुछ देर के लिए माहौल बदल गया। हालांकि, खेसारी ने स्थिति को अपने अंदाज में संभाला और मंच से ही युवक पर तंज कसा। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग खेसारी के व्यवहार की तारीफ कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान खेसारी लाल यादव अपनी परफॉर्मेंस दे रहे थे, तभी किसी युवक ने उनकी तरफ चप्पल फेंक दी। घटना से वह कुछ पल के लिए हैरान जरूर हुए, लेकिन उन्होंने अपना आपा नहीं खोया। उन्होंने मंच से ही युवक को तंज भरे अंदाज में जवाब दिया।
खेसारी ने कहा, “बहुत अच्छा किया बेटा, आई लव यू, क्या लड़का है, तुम बहुत आगे जाओगे।” इसके बाद उन्होंने अपनी बात को व्यंग्य के अंदाज में आगे बढ़ाते हुए कहा कि उसकी इस हरकत से दुनिया सीखेगी। इस तरह खेसारी ने घटना का जवाब गुस्से या हाथापाई के बजाय अपने अंदाज में दिया।
खेसारी लाल यादव पर चप्पल फेंके जाने की घटना पर कार्यक्रम में मौजूद पूर्णिया सांसद पप्पू यादव भी नाराज नजर आए। रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा कि चप्पल फेंकने वाला युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुका है और उसे दो दिनों के भीतर ढूंढने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान भीड़ की बेकाबू दीवानगी भी देखने को मिली। कुछ लोग बिजली के खंभों पर चढ़कर कार्यक्रम देखने लगे। यह देखकर पप्पू यादव ने लोगों को नीचे उतरने के लिए कहा। जब लोग नहीं माने तो उन्होंने कार्यक्रम बंद करने तक की चेतावनी दी।
इसी कार्यक्रम से जुड़े एक अन्य वीडियो में खेसारी लाल यादव डांस कर रही कलाकारों के साथ बातचीत करते दिखाई दिए। एक डांसर ने अपनी पीठ पर टैटू बनवा रखा था, जिस पर ‘सत्या’ नाम लिखा था। खेसारी ने इस पर उससे कहा कि व्यक्ति को अपने काम और पहचान से ऐसा बनना चाहिए कि लोग उसे देखकर ही पहचान लें और किसी नाम को लिखने की जरूरत न पड़े।
उन्होंने डांसर को समझाने के अंदाज में अपनी बात रखी और इसके बाद उसे गले भी लगाया। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर भी खेसारी की तारीफ हो रही है।
खेसारी लाल यादव के वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने उनकी प्रतिक्रिया की तारीफ की। कुछ यूजर्स ने कहा कि कलाकार के साथ किसी भी तरह का अपमानजनक व्यवहार सही नहीं है। वहीं कुछ लोगों ने खेसारी के उस अंदाज की सराहना की, जिसमें उन्होंने गुस्से की स्थिति को भी मजाक और सलाह में बदल दिया।
खुर्दा महोत्सव हर साल दुर्गा पूजा के दौरान आयोजित होने वाला कार्यक्रम है। इस बार खेसारी लाल यादव की परफॉर्मेंस देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। हालांकि, चप्पल फेंके जाने और भीड़ के खंभों पर चढ़ने जैसी घटनाओं ने कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा बढ़ा दी है।
Updated on:
25 Oct 2026, 5:55 PM IST
Published on:
25 Oct 2026, 5:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.