भोपाल

राज्य पर 2 लाख करोड़ का कर्जा, वित्त मंत्री के बंगले हो रहा है खर्चा

सुर्खियों में वित्त मंत्री का बंगला, गैर जरूरी खर्चों पर ये कैसी रोक

2 min read
Aug 03, 2021

भोपाल. राज्य के खजाने की माली हालत खराब है। राज्य पर दो लाख करोड़ रुपए से अधिक कर्ज है। वित्त विभाग ने गैर जरूरी खर्चों पर पिछले एक साल से रोक लगी है। इसके विपरीत सूबे के वित्तमंत्री जगदीश देवड़ा के बंगले पर 24 लाख के निर्माण कार्य शुरू कर दिए गए हैं।

यह निर्माण कार्य उनके निवास परिसर में तेजी से चल रहा है। प्रस्ताव के तहत इसे अत्याधुनिक तरीके से तैयार करना है। यहां निवास के साथ ऑफिस स्पेस भी होगा। एक साल पहले सत्ता परिवर्तन के बाद मंत्रियों के बंगले पर साज सज्जा का कार्य हो चुका है। इसमें 4 करोड़ 58 लाख रुपए से अधिक के कार्य शामिल हैं।

एक साल बाद फिर से मंत्रियों के बंगलों पर खर्च शुरू हो गया है। हालांकि सबसे ज्यादा राशि वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के यहां खर्च होना है। बताया जाता है कि प्रस्ताव के तहत यहां हॉल, ऑफिस, मीटिंग हॉल, निवास, बेडरूम सहित अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं।

कांग्रेस सरकार में भी करोड़ों खर्च
कमलनाथ सरकार की बात करें तो उस दौरान मंत्रियों के बंगलों पर करोड़ों रुपए साज सज्जा में खर्च हुए थे। तत्कालीन वित्त मंत्री तरुण भनोत के बंगले पर सबसे ज्यादा 45 लाख रुपए से अधिक सरकारी खजाने से खर्च हुए थे।

कर्मचारियों के लिए पैसा नहीं
कोरोना के चलते सरकार ने विभिन्न खर्चों पर रोक लगा रखी है। एक साल पहले कर्मियों को 5% डीए के आदेश हुए थे, लेकिन सरकार ने आदेश रोक दिया। अन्य भुगतान भी रोके गए।

30 करोड़ के भुगतान रुके
ठेकेदारों का पिछले एक साल भुगतान रुका है। भोपाल संभाग में 30 करोड़ से ज्यादा के भुगतान अटके हैं। सबसे ज्यादा राशि मंत्रियों के बंगलों की साज-सज्जा सहित निर्माण कार्यों की शामिल है।

Published on:
03 Aug 2021 02:22 pm
Also Read
View All