भोपाल

भोपाल में 556 फ्लैट, 71 दुकानों का तोड़कर फिर से होगा री-डेवलपमेंट, जनता को होगा बड़ा फायदा

Redevelopment Policy: कई कॉम्प्लेक्स को हाईराइज प्रोजेक्ट के रूप में पुनर्विकसित किया जा रहा है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 564 करोड़ रुपये है। मौजूदा रहवासियों और दुकानदारों को बिना अतिरिक्त खर्च के बड़ा फायदा मिलेगा।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 11:07 AM IST
हाइराइज बिल्डिंग पर काम , प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)
हाइराइज बिल्डिंग पर काम , प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)

Bhopal news: मध्यप्रदेश के भोपाल शहर में सरकार की री-डेवलपमेंट पॉलिसी के तहत काम तेज किया गया है। जनता क्वार्टर के बाद बीडीए शहर में मौजूद अपनी बरसों पुरानी इमारतें गिराकर इनके स्थान पर हाईराइज प्रोजेक्ट तैयार करने जा रहा है। बीडीए मप्र सरकार की पुनर्विकास नीति के तहत माता मंदिर क्षेत्र के 40 साल पुराने परिसरों का सर्वे शुरू कर दिया गया है। छह माह के भीतर जमीनी काम शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। पीडब्ल्यूडी, बीएमसी भी अपने अधिपत्य वाले बाजार और रहवासी क्षेत्रों को तोड़कर इसी तर्ज पर विकसित करेगा।

नए सिरे से बनेंगे परिसर

शहर के व्यस्त और प्राइम लोकेशन वाले माता मंदिर चौराहा व आसपास के क्षेत्रों में बीडीए के कई पुराने कॉम्प्लेक्स समय के साथ जर्जर हो चुके है। इन्हें आधुनिक बहुमंजिला इमारतों के रूप में विकसित करने की योजना पर काम आगे बढ़ रहा है। इनमें संजय कॉम्प्लेक्स फेज-1 और फेज-2 है। माता मंदिर चौराहा व गीतांजलि कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित इन परिसरों के पुनर्विकास से आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी। इसी तरह अर्चना कॉम्प्लेक्स माता मंदिर क्षेत्र के इस पुराने परिसर को भी नए सिरे से विकसित करने की कवायद तेज है।

कॉम्प्लेक्स पर भी तेजी से तैयारी

बीडीए ने अंकुर कॉम्प्लेक्स को 337.81 करोड़ रुपए और अजंता कॉम्प्लेक्स, इंद्रपुरी को 226.46 करोड़ रुपए के पुनर्विकास की विस्तृत योजना भी तैयार की है। दोनों परियोजनाओं पर कुल मिलाकर करीब 564 करोड़ रुपये की लागत अनुमानित है, जिनमें 12 मंजिला या उससे अधिक ऊंची इमारतें, 556 फ्लैट और अंकुर कॉम्प्लेक्स में 71 दुकानें प्रस्तावित हैं। बढ़े हुए एफएआर तथा अतिरिक्त प्लॉट व दुकानों की बिक्री से बीडीए को लगभग 57.42 करोड़ रुपए का लाभ होने का अनुमान है।

रहवासियों और दुकानदारों को यह मिलेगा लाभ

पुनर्विकास नीति के तहत मौजूदा फ्लैट और दुकान मालिकों को बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय बोझ के पुरानी संपत्ति के मुकाबले कम से कम 20 फीसदी अधिक क्षेत्रफल दिए जाने का प्रावधान है। साथ ही, निर्माण अवधि के दौरान पात्र रहवासियों को वैकल्पिक आवास या किराये की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासक बीडीए कर्मवीर शर्मा के अनुसार, सर्वे और रहवासियों-व्यापारियों से समन्वय की प्रक्रिया पूरी कर चरणबद्ध तरीके से निर्माण शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

लाइन में हैं ये प्रजोक्ट्स

-जनता क्वार्टर ऐशबाग के मकान तोडने के बाद इस जमीन पर पीपीपी मॉडल से बहुमंजिला इमारत बनेगी, जिसमें 1,200 से अधिक नए आवास तैयार होंगे।

-पॉलिटेक्निक चौराहा - किलोल पार्क - प्रोफेसर कॉलोनी के लिए 298.66 करोड़ का प्लान तय है।

-3.65 हेक्टेयर भूमि पर मल्टी स्टोरी आवासीय फ्लैट्स व कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, शासकीय अधिकारियों के लिए 11 मंजिला अपार्टमेंट टावर, 600 छात्राओं व कामकाजी महिलाओं के लिए 4 आधुनिक हॉस्टल 40 करोड़ की
लागत से तथा यातायात सुधार के लिए रवींद्र भवन व किलोल पार्क के पास अंडरपास और केबल-स्टे ब्रिज/फ्लाईओवर प्रस्तावित हैं।

-माचना कॉलोनी सेकंड स्टॉप और कोटरा सुल्तानाबाद में नया आवासीय परिसर विकसित करने की योजना भी पाइपलाइन में है।

शहर में रीडेवलेपमेंट के हैं ये प्रोजेक्ट्स

-पं. रविशंकर शुक्ल मार्केट, 5 नंबर स्टॉप-50 साल पुराने इस व्यावसायिक-सह-आवासीय मार्केट को आधुनिक हाईराइज कमर्शियल-कम-रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जा रहा है। 650 करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट को हाउसिंग बोर्ड तय कर रहा है।

-बिट्टन मार्केट कॉम्प्लेक्स रीडेवलपमेंट अरेरा कॉलोनी-बिट्टन मार्केट में हाउसिंग बोर्ड के पुराने प्रशासनिक कार्यालय और पुराने ब्लॉक की जगह एक आधुनिक 6-मंजिला कमर्शियल और ग्रीन-आर्किटेक्चर कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है।

-सरस्वती नगर कॉलोनी जवाहर चौक- हाउसिंग बोर्ड की लगभग 50 साल पुरानी सरस्वती नगर कॉलोनी के रीडेवलपमेंट की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। यहां के पुराने जर्जर मकानों व फ्लैट्स की जगह मल्टीस्टोरी अपार्टमेंट्स बनेंगे। पात्र रहवासियों को 20 फीसदी बड़ा फ्लैट/मकान मिलेगा।

Updated on:
26 Nov 2026, 11:07 AM IST
Published on: