
भोपाल. गुनगा इलाके में टायर फटने के बाद तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में आगे की सीट पर बैठे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार दो युवक घायल हैं। बताया गया कि तीनों शनिवार रात 12 बजे गुनगा चाय पीने गए थे। सीट बेल्ट न लगाने से युवक के सिर में गंभीर चोट आई, जो मौत की वजह बनी।
गुनगा पुलिस के मुताबिक चंदनखेड़ी निवासी 20 वर्षीय मनोज सिंह कुशवाह खेती-किसानी में पिता का हाथ बंटाता था। शनिवार रात उसके घर दो दोस्त कार लेकर पहुंचे। दोस्तों के कहने पर मनोज उनके साथ कार में सवार होकर चला गया। देर रात तक जब वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने खोज-खबर शुरू की।
इसी बीच पता चला कि ग्राम दुपाडिय़ा जोड़-मनीखेड़ी के बीच टायर फटने से कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर पलट गई है। हादसे में मनोज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों दोस्त गंभीर हैं।
दोस्तों ने की जिद तो चाय पीने गया
परिजनों ने बताया गया कि मनोज अपने भाई के पास सोया हुआ था। रात में उसके दोस्त जिद कर चाय पिलाने अपने साथ ले गए। जब ज्यादा रात हुई तो मनोज के भाई ने पिता को बताया कि वह दोस्तों के साथ गया है, लेकिन अब तक नहीं लौटा।