
नितिन गडकरी (फोटो सोर्स - IANS)
Nitin Gadkari : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भोपाल में 351 बसों की सुगम यातायात सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ रिमोट का बटन दबाकर प्रदेशवासियों को "मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा" एवं "पीएम ई-बस सेवा" की सौगात दी। कार्यक्रम भोपाल के BHEL दशहरा मैदान पर आयोजित किया गया था। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सुगम सफर, सुरक्षित सफर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा पुस्तिका का विमोचन भी किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बस तय मापदंड में नहीं बन रही है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने खासतौर पर दिव्यांगों के लिए सुविधाएं बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि मेरा भी कई बार पैर टूट चुका है, बस में चढ़ने में बहुत तकलीफ होती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बताया कि सार्वजनिक यातायात की बेहतरी के लिए 5 एजेंडा बनाए हैं जिनमें पहला क्लीन ट्रांसपोर्ट है। देश में वायु प्रदूषण में ट्रांसपोर्ट सेक्टर की करीब 40 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसके लिए उन्होंने स्वयं को जिम्मेदार ठहराया। मध्यप्रदेश में वायु प्रदूषण के लिए नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को जिम्मेदार बताया।
बसों में सुधार की जरूरत जताते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इनका स्टैंडर्ड सुधारिए। अभी तय मापदंडों के मुताबिक बस नहीं बन रही है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि यदि ये काम नहीं हुआ तो जैसे मैं कॉन्टैक्टर्स को रगड़ता हूं, वैसे ही बसवालों को भी रगड़ूंगा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बस में हाइड्रोलिक सिस्टम लगाने की जरूरत जताई। उन्होंने कहा कि इससे बस की ऊंचाई कम हो सकेगी, जिससे दिव्यांग और बुजुर्ग आसानी से अंदर चढ़ सकेंगे। मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि बस में चढ़ने के लिए बहुत मुश्किल होती हैं, खासतौर पर दिव्यांगों को बहुत दिक्कत होती हैं। उन्होंने खुद का दर्द भी बताया। नितिन गडकरी ने बताया कि मेरा भी एक्सीडेंट हो चुका है, 4 बार पैर टूट चुके हैं। उन्होंने कहा कि सभी बसों को दिव्यांगों और सीनियर सिटीजन फ्रेंडली बसें बनाने का अप्रूवल दिया है।
इससे पहले केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को प्रदेश में चल रही नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स तथा अन्य सड़क परियोजनाओं से अवगत कराया। केंद्रीय मंत्री के साथ "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत आम का पौधा रोपा।
Updated on:
25 Sept 2026 04:00 pm
Published on:
25 Sept 2026 03:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
