भोपाल

मेडिकल छात्रों का एक साल हुआ बर्बाद, दागा सवाल- कौन करेगा भरपाई

एएफआरसी में एमबीबीएस के 120 छात्रों की फीस लौटाने की अपील पर हुई सुनवाई, कॉलेज संचालक ने मांगा समय तो अब अगली तारीख पर आएगा फैसला
less than 1 minute read
• •
Nov 24, 2019
admission and fee regulatory committee madhya pradesh latest news
मेडिकल छात्रों का एक साल हुआ बर्बाद, दागा सवाल- कौन करेगा भरपाई,मेडिकल छात्रों का एक साल हुआ बर्बाद, दागा सवाल- कौन करेगा भरपाई

भोपाल. एडमिशन एंड फीस रेग्युलेटरी कमेटी (एएफआरसी) में शनिवार को 120 एमबीबीएस छात्रों की फीस वापसी की अपील पर सुनवाई की गई। सुनवाई में कमेटी ने छात्रों की दलीलें सुनने के बाद सभी मेडिकल कॉलेजों के संचालकों के पक्ष जानने की बात कही। इसके चलते शनिवार को इस पर फैसला नहीं हो पाया। हालांकि इस दौरान छात्रों ने अपने एक साल खराब होने पर कंपन्सेशन देने की मांग भी की।

जानकारी के मुताबिक प्रदेश के अलग अलग मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे एमबीबीएस के 120 छात्रों ने गुना के साक्षी मेडिकल कॉलेज पर ज्यादा फीस लेने की शिकायत एएफआरसी में की थी। छात्रों की शिकायत थी कि कॉलेज ने छात्रों से तीन-तीन फीस जमा कराई, लेकिन मान्यता खत्म होने के बाद उसे वापस नहीं लौटाया। वहीं हाईकोर्ट ने इन छात्रों को अन्य मेडिकल कॉलेजों में दाखिला देने के निर्देश दिए थे। इन कॉलेजों ने भी छात्रों से फीस लेली। शनिवार को हुई सुनवाई के बाद अगर फैसला छात्रों के पक्ष में जाता है तो कॉलेज को उन्हें दो साल की फीस लौटानी होगी, जो करीब 12 करोड़ रुपए के आसपास होगी।

छात्रों ने कहा एक साल हो गया खराब
सुनवाई के दौरान छात्रों ने कमेटी को बताया कि कॉलेज की गलती के चलते उनका एक साल खराब हो गया है। उसके लिए उन्हें कंपनसेशन मिलना चाहिए। हालाांकि इस पर कोई निर्णय नहीं हुआ।

सभी कॉलेजों के संचालकों से होगी बात
शनिवार को छात्रों का पक्ष जानने के बाद कमेटी ने साक्षी मेडिकल कॉलेज संचालक सहित अन्य मेडिकल कॉलेजों के संचालकों को भी सुनवाई में आने के निर्देश दिए। यही नहीं साक्षी मेडिकल कॉलेज के संचालक कुछ और समय मांगा। उनकी बात मानते हुए कमेटी ने सुनवाई के लिए समय दे दिया। अगली सुनवाई संभवत: दिसंबर के पहले सप्ताह में हो सकती है।

Updated on:
24 Nov 2019 12:57 am
Published on:
24 Nov 2019 12:57 am