Agniveer Bharti: 11 जुलाई को आयोजित होने वाली भारतीय वायुसेना में अग्निवीर की भर्ती स्थगित कर दी गई है...।
Agniveer Bharti: अग्निवीर भर्ती की तैयारी करने वाले प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए एक जरूरी खबर है। भारतीय वायु सेना (Indian Air Force) में होने वाली अग्निवीर की भर्ती को स्थगित कर दिया गया है। पहले 11 जुलाई से इस भर्ती को आयोजित किया जाना था। भोपाल के लाल परेड और मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली की तैयारी भी हो चुकी थीं लेकिन अब ऐन वक्त पर इसे स्थगित कर दिया गया है।
11 जुलाई से आयोजित होने वाली भर्ती को स्थगित करने के साथ ही नई भर्ती की तारीखों का ऐलान भी कर दिया गया है। जो आदेश जारी किया गया है उसके मुताबिक 11 जुलाई 2024 से 24 जुलाई 2024 तक भोपाल जिले के लाल परेड ग्राउंड एवं मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में अग्निवीर सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जाना था। भर्ती रैली में परिवर्तन कर अब यह रैली दिनांक 22 अगस्त से 30 अगस्त 2024 को किया जाना प्रस्तावित है।
भोपाल में 22 अगस्त से 30 अगस्त तक आयोजित होने वाली एयरफोर्स की अग्निवीर भर्ती में प्रदेश के 15 जिलों के आवेदक शामिल होंगे। इनमें अशोकनगर, भोपाल, बैतूल, छिंदवाड़ा, दमोह, गुना, हरदा, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, पन्ना, पांर्दुणा, राजगढ, रायसेन, सीहोर और विदिशा के आवेदक सम्मिलित होंगे।