
Cold Wave And Dense Fog Alert :मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल समेत लगभग सभी जिलों में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। बुधवार से और बादल छंटने के साथ सर्द हवाएं चलने से न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। माना जा रहा है कि, जिसके चलते कई जिलों में कोहरे के साथ शीतलहर का प्रकोप देखने को मिल सकता है।
बीती रात प्रदेश में रात का सबसे कम 5.7 डिग्री सेल्सियस तापमान मंदसौर में दर्ज हुआ। वहीं, 22 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज हुआ। वहीं, सूबे के रीवा और सतना जिले में अति घना कोहरा देखने को मिला। जबकि, दमोह और थरपुर के खजुराहो में घना कोहरा रहा। इसके अलावा, सीधी, दतिया, उज्जैन एवं राजगढ़ जिले में हल्का कोहरा दिखाई दिया। जबकि, दिन का सबसे अधिक 29.6 डिग्री सेल्सियस तापमान सागर में दर्ज हुआ।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, मौजूदा समय में एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू और उसके आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। उत्तर-पश्चिम भारत पर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 250 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। 27 दिसंबर से एक नए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के हिमालयीन क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, सर्द हवाएं चलने के कारण आगामी दो से तीन दिनों तक रात के तापमान में और गिरावट दर्ज होगी। हालांकि, उसके बाद तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं।