भोपाल

अमित शाह ने ढूंढ़ी राहुल गांधी की काट, कांग्रेस के वोट बैंक में सेंध लगाने की बड़ी पहल

Union Minister Amit Shah : मध्यप्रदेश में आदिवासियों को लुभाने की हर कोशिश कर रहे दोनों प्रमुख दल, अमित शाह ने रानी दुर्गावती को किया याद, सीएम पहुंच गए मंडला और पांढुर्णा
2 min read
• •
Oct 05, 2026
Amit Shah
अमित शाह (फोटो ANI)

Amit Shah : मध्यप्रदेश में अगले विधानसभा चुनावों में जीत के लिए दोनों प्रमुख दल, आदिवासियों को लुभाने की हर कोशिश कर रहे हैं। यह वर्ग कांग्रेस का परंपरागत वोटर माना जाता है लेकिन अब बीजेपी भी इसमें खासी पैठ बना चुकी है। पिछले सप्ताह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश के आदिवासी बाहुल्य जिले बालाघाट का दौरा किया और आदिवासी बच्चों की मौत के मामले में सरकार को घेरा। कांग्रेस ने इस दौरे को खूब प्रचारित भी किया। बीजेपी ने राहुल गांधी के दौरे को राजनीतिक फायदे की कवायद बताया। पार्टी के प्रमुख रणनीतिकार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसकी काट भी ढूंढी। रविवार को सीएम मोहन यादव प्रदेश के दो आदिवासी बाहुल्य जिलों, मंडला और पांढुर्णा गए और अनेक सौगातें दीं। इतना ही नहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी जयंती के मौके पर रानी दुर्गावती के योगदान को यादकर मध्यप्रदेश सहित देशभर के करोड़ों आदिवासियों को साधा। उन्होंने गोंडवाना साम्राज्य की इस महारानी को नारी शक्ति और स्वाभिमान का पर्याय बताया।

मध्यप्रदेश में आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में आदिवासियों को साधने के लिए कांग्रेस और बीजेपी में तू डाल डाल तो मैं पात पात जैसी लड़ाई चल रही है। दोनों ही दल प्रदेश के इस सबसे बड़े वोट बैंक को लुभाने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे।

बालाघाट में आदिवासी बच्चों की बीमारियों से मौत हुई तो
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी खुद यहां आ पहुंचे। एक छोटे बच्चे को दुलार करते हुए उनकी तस्वीर खूब वायरल हुई। राहुल गांधी ने कांग्रेस को आदिवासियों का सच्चा हितैषी करार देते हुए बच्चों की मौतों के मुद्दे पर बीजेपी को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार मौतों का आंकड़ा छुपा रही है।

राहुल गांधी के बालाघाट दौरे ने खासी सुर्खियां बटोरीं। इसकी का​ट के लिए सीएम मोहन यादव और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सक्रिय हुए। मुख्यमंत्री ने तो एक ही दिन में प्रदेश के दो आदिवासी बाहुल्य जिलों के ताबड़तोड़ दौरे कर डाले। मंडला और पांढुर्णा में उन्होंने करोड़ों की सौगातें दीं।

अमित शाह ने महारानी दुर्गावती को याद किया

सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गोंडवाना साम्राज्य की महारानी दुर्गावती की जयंती पर उन्हें याद किया। उन्होंने रानी दुर्गावती को नारी स्वाभिमान और शक्ति का पर्याय बताते हुए कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए वे मुगल आक्रांताओं से लड़ती रहीं। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि रानी दुर्गावती ने अनेक मंदिर, धर्मशालाएं और तालाब बनवाकर जनकल्याण को अपने शासन का केंद्र बनाया। उन्होंने न्यायप्रियता व जनसेवा की मिसाल कायम की।

सीएम मोहन यादव के मंडला व पांढुर्णा दौरों के मायने

मंडला में 50% से अधिक आबादी गोंड समुदाय की

मंडला प्रदेश का सबसे प्रमुख आदिवासी बाहुल्य जिला है। यहां की करीब 8 लाख की जनसंख्या में अनुसूचित जनजाति का हिस्सा करीब 57 % हैं। जिले की 50% से अधिक आबादी के साथ गोंड सबसे बड़ी अनुसूचित जनजाति हैं।

पांढुर्णा भी आदिवासी बाहुल्य

नवगठित पांढुर्णा भी मध्यप्रदेश का एक प्रमुख आदिवासी और ग्रामीण आबादी वाला जिला है। यह जिला वर्ष 2023 में छिंदवाड़ा जिले से अलग होकर अस्तित्व में आया। ऐतिहासिक रूप से यह क्षेत्र गोंड राजाओं के अधीन रहा है। यहां की संस्कृति व जड़ों में आदिवासी परंपराएं काफी गहरी हैं। पांढुर्णा जिले की कुल आबादी 374310 है जिसमें से अनुसूचित जनजाति (ST) 96515 (लगभग 25.78%) है। यहां मुख्य रूप से गोंड (Gond) और कोरकू (Korku) आदिवासी समुदाय निवास करते हैं। पांढुर्णा जिला भी जबलपुर संभाग के अंतर्गत आता है।

Updated on:
05 Oct 2026 11:59 am
Published on:
05 Oct 2026 11:39 am