भोपाल

एमपी के कर्मचारियों-अधिकारियों की मौज, दफ़्तरों में हर हफ़्ते एक दिन की अघोषित छुट्टी मिली

Holiday : मंत्रालय में शुक्रवार को कामकाज हो जाता है ठप, भोपाल के अनेक कार्यालयों में नहीं मिलते अधिकारी, कर्मचारी
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 2:35 PM IST
Holiday
Holiday सांकेतिक तस्वीर (Photo Patrika)


Holiday : मध्यप्रदेश सरकार ने ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’ शुरु किया है। यह हर शुक्रवार को आयोजित किया जाता है। अभियान के अंतर्गत इस दिन सभी अधिकारी और जन प्रतिनिधि मैदानी दौरे पर रहते हैं, कोई समीक्षा या कार्यालयीन बैठक नहीं होती। आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और प्रशासन के प्रति उनका विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से अभियान प्रारंभ किया गया है। हालांकि कई कर्मचारी, अधिकारी इसका अनुचित फायदा उठा रहे हैं। ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’ के कारण शुक्रवार का दिन अघोषित अवकाश में बदल गया है। चूंकि मुख्य सचिव से लेकर सचिव, विभागाध्यक्ष तक मैदानी दौरे पर चले जाते हैं इसलिए अधीनस्थ अधिकारियों, कर्मचारियों की मौज हो जाती है। यहां तक कि मंत्रालय में छुट्टी जैसी हो जाती है। अधिकांश कार्यालय दोपहर में ही खाली हो जाते हैं

सीएम डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में 7 अगस्त 2026 से ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’ शुरु किया गया है। इसे 8 जनवरी 2027 तक चलाने का प्रस्ताव है। प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग के तत्वाधान में आयोजित इस अभियान के प्रमुख स्तंभ हैं: संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी। अभियान के अंतर्गत मंत्री, जनप्रतिनिधि और ​वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शहरों के किसी वार्ड या गांव में जाकर सीधे आम आदमी से बात करते हैं।

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान में CM हेल्पलाइन, जन सुनवाई, लोक सेवा गारंटी और राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया जाता है। अधिकारी व जनप्रतिनिधि विशेष रूप से स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूल और राशन दुकानों का निरीक्षण करते हैं। सुविधाओं, समस्याओं की जानकारी लेते हैं। आंगनवाड़ी का निरीक्षण करते हैं, आयुष्मान और समग्र आईडी के साथ ही आवास योजना, जल जीवन मिशन आदि का भी जायजा लेते हैं।

अभियान की निगरानी और जानकारी दर्ज करने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। इसके लिए अलग से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान पोर्टल बनाया गया है।

संचालन का दिन शुक्रवार

प्रदेशभर में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के संचालन का दिन शुक्रवार निर्धारित किया गया है। पूरे राज्य में हर शुक्रवार को यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के कारण यह दिन कर्मचारियों, अधिकारियों के लिए अघोषित अवकाश जैसा बन गया है।

अधीनस्थ अधिकारियों, कर्मचारियों की मौज

मंत्रालय से लेकर सतपुड़ा और विंध्याचल भवनों में लगने वाले दफ़्तरों में इस शुक्रवार को भी कामकाज लगभग ठप रहा। कई प्रमुख अफसर अपनी सीटों से गायब रहे। कुछ तो लंच पर घर गए तो लौटकर वापस ही नहीं आए। यह हाल हर शुक्रवार को बन रहे हैं। असल में जन विश्वास अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, विभागाध्यक्ष दौरे पर रहते है। इनकी आड़ में नीचे के स्तर के कई अफसर भी अघोषित रूप से गायब हो जाते हैं। यह हाल तब है जब सीएम मोहन यादव बैठक में कह चुके हैं कि जन विश्वास के तहत जो अफसर मैदान में जा रहे हैं वे नीचे के अफसरों को जिम्मेदारी देकर जाएं, ताकि कामकाज प्रभावित न हो।

Updated on:
14 Nov 2026, 2:35 PM IST
Published on: