साइबर दुनिया के लुटेरों ने मोबाइल फोन से पासवर्ड पूछकर भोपाल में पिछले डेढ़ माह में एक दर्जन से ज्यादा लोगों के खाते खाली कर दिए। मामला पुलिस की साइबर सेल में पहुंचा, शिकायत को फाइल में नत्थी कर दिया गया, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। फरियादियों ने दोबारा दरख्वास्त लगाई तो टरका दिया गया। पुलिस में गुहार की खबर जैसे-तैसे लुटेरों तक पहुंच गई। इसके बाद लुटेरों ने ज्यादा पैरवी करने वाले तीन फरियादियों को धमकाना शुरू कर दिया है। धमकी उसी मोबाइल नंबर से मिल रही है, जिस नंबर से पासवर्ड पूछा गया था। डरे-सहमे फरियादी फिर पुलिस के पास पहुंचे तो बताया गया कि नंबर को सर्विलांस पर डाल दिया है, जल्द ही अपराधियों का सुराग मिल जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। अब पुलिस का कहना है, सर्विलांस से नंबर ट्रैस करने में तकलीफ है, दूसरी तरकीब से दबोचा जाएगा।
डेढ़ महीने में वारदात
चौकसे नगर निवासी 55 वर्षीय राजेन्द्र सैनी टमाटर के थोक कारोबारी हैं। 3 जनवरी की दोपहर उनके बेटे रोहित से जालसाज ने बैंक अफसर बनकर एटीएम का पासवर्ड पूछ लिया, इसके बाद उनके बैंक एकाउंट से 84 हजार रुपए की ऑनलाइन खरीदी कर ली। जब सैनी ने जालसाज के मोबाइल (9576599963, 8877490398) पर फोन किया तो जालसाज ने उनका पहले मजाक उड़ाया इसके बाद उन्हें अब तक धमकी मिल रही है। दूसरी घटना 30 दिसंबर कोहेफिजा कॉलोनी निवासी ओमप्रकाश नामदेव के दामाद रामचंद्र के साथ हुई। जालसाल अन्य लोगों के साथ भी वारदात कर चुके हैं।