
Bhopal News : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में इन दिनों चोरों का आतंक है। हालात ये हैं कि, शहर के एक-दो नहीं, बल्कि 38 थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातें बढ़ गई हैं। अलग-अलग इलाकों में आए दिन 4 से 5 चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। शनिवार और रविवार की रात शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी के 7 केस दर्ज किए गए।
बेखौफ चोरों का आतंक इस कदर बढ़ चुका है कि, उन्होंने पुलिस लाइन में घुसकर चोरी कर ली और सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर तक चुरा कर साथ ले गए। चोरों का सबसे खास निशाना सूने मकान हैं। यहां से जेवर और नकदी चोरी करने की घटनाएं अधिक सामने आ रही हैं।
कमला नगर थाना क्षेत्र की नेहरू नगर पुलिस लाइन में रहने वाली पुलिस विभाग में पदस्थ सूबेदार स्नेहा के घर की दीवार फांदकर एक महिला सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर चोरी कर ले गई। चोरी गए सामान की कीमत 25 हजार बताई जा रही है। मामले को लेकर थाना प्रभारी निरुपमा पांडेय का कहना है कि, शिकायत के बाद पुलिस टीम ने जांच शुरू की और आरोपी महिला को गिरफ्तार भी कर लिया है। उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है। मामले में सूबेदार के पति हैप्पी रेकवार की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार महिला से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसी तरह कमला नगर थाना क्षेत्र के नया बसेरा में चोरों ने मकान का ताला तोड़कर 10 हजार रुपए नकद और मोबाइल चोरी कर लिया। फरियादी लीला पाटीदार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। वहीं, शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र के ईदगाह हिल्स में चोर मकान का ताला तोड़कर 50 हजार रुपए कीमत के सामान पर हाथ साफ कर गए। इसी रात कोलार थाना क्षेत्र की राजवैद्य कॉलोनी में मकान से जेवर और 10 हजार रुपए नकद चोरी किए गए।
हबीबगंज थाना क्षेत्र के बिट्टन मार्केट में प्रसिद्ध राज सिंह की जेब से मोबाइल चोरी हो गया। इसी तरह गोविंदपुरा के ई-सेक्टर में बटन लाल के घर में रखा मोबाइल अज्ञात आरोपी चोरी कर ले गए। निशातपुरा के राजीव नगर में घर के सामने रखा गैस सिलेंडर भी चोरी हो गया। इन सभी केस में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में टीमें लगा दी है।
इसके अलावा हमीदिया अस्पताल परिसर में ड्यूटी के लिए आई नर्सिंग ऑफिसर की स्कूटी और उस पर टंगा बैग अज्ञात चोर चुराकर ले गए। कोहेफिजा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया, एयरपोर्ट रोड स्थित इंद्रविहार कॉलोनी में रहने वाली 32 वर्षीय नीलू साहू 22 अगस्त की सुबह 8:05 बजे अपनी स्कूटी से ड्यूटी पर पहुंचीं। उन्होंने ब्लॉक-1 मेट्रन ऑफिस के सामने स्कूटी खड़ी की और चली गईं। 8:30 बजे वापस लौटीं तो स्कूटी गायब थी। पुलिस ने बताया, फरियादी के अनुसार, स्कूटी पर एक काला बैग भी टंगा था, जिसमें आइफोन, पेन ड्राइव, एसबीआई का एटीएम कार्ड और कार की डिजिटल चाबी रखी थी।