
Cyber Fraud Hub Bhopal (साइबर फ्रॉड का गढ़ बना भोपाल Photo Source- patrika)
Bhopal News :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल साइबर ठगी का हब बनता जा रहा है। यहां हर रोज लगभग आधा दर्जन साइबर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। साइबर पुलिस के तमाम प्रयासों के बावजूद एक बार फिर इन साइबरजालसाजों ने लोगों को झांसा देकर अलग-अलग ढंग से लोगों को ठगी का शिकार बनाया है। इन जालसाज कहीं बिजली अपडेट करने के नाम पर ठग रहे हैं तो कहीं सस्ता मकान दिलाने के नाम पर तो कहीं शेयर बाजार में निवेश के नाम पर लोगों से जालसाजी कर लाखों रुपए की साइबर धोखाधड़ी की जा रही है।
एक मामले में अरेरा कॉलोनी से सामने आया, जहां रहने वाले 63 वर्षीय बुजुर्ग से बिजली का बिल अपडेट करने के नाम पर 70 हजार रुपए की ठगी की गई है। आरोपी ने खुद को बिजली विभाग का अधिकारी बताया और बिल जमा नहीं होने की बात कहकर बुजुर्ग को झांसे में लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हबीबगंज थाना क्षेत्र की लाला लाजपतराय कॉलोनी निवासी बुजुर्ग के मोबाइल पर कुछ दिन पहले अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को बिजली विभाग का अधिकारी बताया।
आरोपी ने कहा, उनका बिजली बिल जमा नहीं हुआ है। बुजुर्ग ने जमा करने की बात कही तो आरोपी ने कहा- ऑनलाइन सिस्टम में भुगतान अपडेट शो नहीं कर रहा है। आरोपी ने बुजुर्ग से कहा- कंप्यूटर पर बिल अपडेट कराने उसके बताए खाते में केवल 12 रुपए जमा कर दें। बुजुर्ग ने जैसे ही 12 रुपए ट्रांसफर किए, कुछ ही देर में उनके बैंक खाते से दो बार में 70 हजार रुपए निकल गए। खाते से रकम कटने का मैसेज आने के बाद उन्हें ठगी का पता चला।
वहीं, शहर के अवधपुरी इलाके की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाले व्यक्ति से सस्ता मकान दिलाने के नाम पर ढाई लाख रुपए की ठगी की गई है। इस मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस सभी मामलों में मोबाइल नंबर, बैंक खातों और लेनदेन की जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
बागसेवनिया थाना क्षेत्र के साकेत नगर में रहने वाले व्यक्ति को शेयर बाजार में निवेश से ज्यादा मुनाफे का झांसा दिया गया। जालसाजों ने अलग - अलग तरीके से उससे 7 लाख 35 हजार रुपए जमा करा लिए। रकम वापस नहीं मिलने पर उसने पुलिस से शिकायत की।
टीटी नगर थाना क्षेत्र के चक्की चौराहे के पास रहने वाले व्यक्ति से क्रेडिट कार्ड का ओटीपी पूछकर 50 हजार 512 रुपए ठग लिए गए। ्र इसी तरह अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र के भीम नगर निवासी व्यक्ति के खाते से 2 लाख 74 हजार रुपए निकाल लिए गए।
Updated on:
19 Aug 2026 07:41 am
Published on:
19 Aug 2026 07:40 am
