भोपाल

शीतलहर से ठिठुरे भोपाल-इंदौर, कोहरे की चपेट में कई संभाग 50 मीटर दूर भी नहीं दिख रहा

Cold Wave Alert : भोपाल, इंदौर के साथ-साथ शहडोल और सिवनी जिले भी शीतलहर की चपेट में हैं। जबकि, 26 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज हुआ है।
2 min read
Cold Wave Alert
ठंड का डबल अटैक (Photo Source- Patrika)

Cold Wave Alert :मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। सर्द हवाओं के बीच प्रदेश के उत्तरी इलाके में रविवार सुबह से घना कोहरा छाया नजर आ रहा है। कोहरे के बीच यहां ठिठुरन और बढ़ गई है। जबकि, न्यूनतम तापमान की बात करें शनिवार रात को प्रदेश में सबसे ठंडा उमरिया रहा। यहां सबसे कम 4.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

जबकि राजधानी भोपाल, आर्थिक नगरी इंदौर के साथ-साथ शहडोल और सिवनी जिले भी शीतलहर की चपेट में हैं। जबकि, 26 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज हुआ है। वहीं, ग्वालियर के साथ साथ खजुराहो और रीवा में अति घना कोहरा छाया रहा। यहां दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई है। जबकि, नरसिंहपुर, ग्वालियर और सीधी में दिन का तापमान सबसे कम 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि ग्वालियर में 19.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।

इन जिलों में कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग की मानें तो आज रविवार को सूबे के इंदौर में शीतलहर चलने की संभावना है। जबकि, ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग के जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने, जबकि जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं मध्यम कोहरा छाने के आसार हैं।

नए पश्चिमी विक्षोभ का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, मौजूदा समय में एक पश्चिमी विक्षोभ दक्षिण-पश्चिम ईरान पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। उत्तर भारत के ऊपर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 194 कि.मी प्रति घंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के 25 दिसंबर से हिमालयीन क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना है। जबकि, इसकी तीव्रता कमजोर होने की संभावना है।

कड़ाके की ठंड बरकरार

मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ गया है। उत्तर भारत की तरफ से लगातार आ रही सर्द हवाओं के असर से राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं, प्रदेश के उत्तरी क्षेत्रों में ठंडे वातावरण में नमी भी मौजूद रहने के चलते घना कोहरा छाने लगा है। सुबह धूप देर से मिलने के कारण ठिठुरन और बढ़ गई है। मौसम का इस तरह का मिजाज अभी बना रहने के आसार हैं।

Updated on:
21 Dec 2025 07:29 am
Published on:
21 Dec 2025 07:29 am