
Gyanesh Kumar-Ajay Singh photo: वोट चोरी के मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार का विरोध कर रही कांग्रेस को उनके भोपाल आने की भनक तक नहीं लगी। सीईसी दो दिन भोपाल में रहे और बुधवार सुबह दिल्ली रवाना हो गए। इसके करीब 10 घंटे बाद कांग्रेस नेताओं को उनके भोपाल प्रवास की जानकारी मिली। इसके बाद युवा कांग्रेस-एनएसयूआइ के कार्यकर्ता पुतला लेकर पहले उस होटल पहुंचे, जहां सीईसी ठहरे थे। वहां से रवाना होने की जानकारी मिली तो एयरपोर्ट पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी फ्लाइट भी जा चुकी थी। आखिरकार कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (पीसीसी) के सामने पुतला दहन कर विरोध जताया। दरअसल, ज्ञानेश कुमार अपने भांजे व डीजी ईओडब्ल्यू उपेंद्र जैन के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए दो दिन भोपाल में थे।
बुधवार शाम करीब चार बजे कांग्रेस नेताओं को सीईसी के भोपाल आने की जानकारी मिली। आनन-फानन में प्रदर्शन की तैयारी शुरू हुई और कार्यकर्ताओं को पीसीसी बुलाया गया। प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के पहुंचने की सूचना भी जारी की गई, लेकिन वे प्रदर्शन में नहीं पहुंचे। करीब दो घंटे की भागदौड़ के बाद पीसीसी के सामने ही कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा, सीईसी निजी कार्यक्रम में शामिल होने भोपाल आए थे। यदि पहले जानकारी मिल जाती तो उन्हें भोपाल में घुसने नहीं देते। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता और मतदाता सूची में गड़बड़ियों पर सवाल उठाते हुए कहा, सीईसी को राजनीतिक दलों और प्रभावित लोगों से की शिकायतें सुननी चाहिए।
मंगलवार को इसी विवाह समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस विधायक अजय सिंह ने उनसे मुलाकात भी की थी। इसके बावजूद पार्टी के अन्य नेताओं को उनके दौरे की जानकारी नहीं मिली। अजय सिंह और ज्ञानेश कुमार की मुलाकात की फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। सोशल मीडिया पर पार्टी के समर्थकों की विभिन्न प्रक्रियाएं सामने आ रही है। कई समर्थक यह भी सवाल उठाते दिख रहे है कि जहां एक तरफ पार्टी के बड़े नेता राहुल और प्रियंका गांधी लगातार चुनाव आयोग एवं ज्ञानेश कुमार पर हमलावर है। वहीं, दूसरी तरफ उनके नेता का इस तरह ज्ञानेश कुमार से मिलना क्या दर्शाता है। हालांकि, पत्रिका इस फोटो की सत्यता का दावा नहीं करता है।