Bhopal-Chanderi-Orchha Helicopter: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के स्टेट हैंगर से पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के अंतर्गत नए सेक्टर 'भोपाल-चंदेरी-ओरछा हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ किया।
MP News:मध्य प्रदेश की राजधानी से चंदेरी होते हुए धर्मनगरी ओरछा तक के लिए रविवार को हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत हो चुकी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के स्टेट हैंगर से पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के अंतर्गत नए सेक्टर भोपाल-चंदेरी-ओरछा हेलीकॉप्टर सेवा Bhopal -Chanderi-Orchha Helicopter Service) का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ओरछा में राजा के रूप में विराजमान हैं भगवान श्रीराम, के दर्शन के लिए ओरछा तक पुष्पक विमान की व्यवस्था की गई है। सीएम ने इस दौरान यात्रियों को बोर्डिंग पास प्रदान किए और हेलीकॉप्टर को झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में अशोकनगर के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय तथा फ्लाई ओला के श्री एस.राम ओला उपस्थित थे।
सीएम मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने कहा कि जिन दो शहरों के लिए सेवा की शुरुआत की गई है, दोनों ही प्रदेश के विरासत स्थल हैं। चंदेरी का संबंध भी श्रीराम और श्रीकृष्ण से ही है। चंदेरी, पौराणिक, आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन नगरी के रूप में विख्यात है। मध्यप्रदेश में बढ़ रहे एविएशन सेक्टर से महाराष्ट्र सहित कई राज्य प्रेरणा ले रहे हैं। सीएम ने बताया कि हेली पर्यटन सेवा सर्वप्रथम 'ओंकारेश्वर-महाकालेश्वर-इंदौर' सेक्टर में और कान्हा-बांधवगढ़-मैहर की माताजी-अमरकंटक-चित्रकूट के लिए पहले से हवाई सेवा शुरू की जा चुकी है। आज हेली सेवा का तीसरा सेक्टर आरंभ हो रहा है।
सीएम ने प्रदेशवासियों को भगवान परशुराम जयंती की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि श्रद्धा, साहस, पुरुषार्थ, पराक्रम, ज्ञानशीलता, दानशीलता और उद्दात चरित्र के धनी भगवान परशुराम ने सदैव अन्याय के विरुद्ध संघर्ष किया। ऐसे दिव्य व्यक्तित्व की जयंती पर प्रदेश को पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा समर्पित की जा रही है।
सीएम ने बताया कि पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के अंतर्गत चंदेरी से ओरछा का किराया 2,750 रुपए ,भोपाल से चंदेरी का 5,500 रुपये और भोपाल से ओरछा का किराया 6,500 रुपये रखा गया है। भोपाल से ओरछा का पैकेज 14 हजार 500 का है, जिसमें 13 हजार रुपये हेलीकॉप्टर का किराया, टैक्सी का शुल्क 1150 रुपए और दर्शन एवं प्रसाद के लिए 350 रुपए का भुगतान करना होगा। उन्होंने ये भी बताया कि इस यात्रा के संचालन में मैचिंग ग्रांट के अंतर्गत बड़ी राशि राज्य सरकार द्वारा दी जा रही है।
कार्यक्रम में बताया गया कि यात्रा के लिए 6 सीटों वाले आधुनिक हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जा रहा है। पर्यटक इस वेबसाइट - https://www.flyola.in/ पर जाकर या IRCTC पोर्टल पर बुकिंग कर सकते हैं। (MP News)