भोपाल

भोपाल में 36 घंटों में गिर गया साढ़े 7 इंच पानी, एक ही रात में अगस्त का आधा कोटा पूरा

bhopal august rainfall quota अभी भी प्रदेश में 15 प्रतिशत बारिश कम, अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश की चेतावनी
2 min read
Aug 11, 2026
भोपाल में अगस्त का बारिश का आधा कोटा पूरा
भोपाल में अगस्त का बारिश का आधा कोटा पूरा- image patrika

mp rain मध्यप्रदेश के कई हिस्सों सहित भोपाल में झमाझम बारिश का दौर चल रहा है। राजधानी में तो इस सीजन की सबसे तेज बारिश हुई। रविवार रात से शुरू हुआ बारिश का दौर मंगलवार सुबह को भी जारी है। महज 36 घंटों में भोपाल में साढ़े 7 इंच बारिश दर्ज की गई। हाल ये है कि भोपाल में एक ही रात में अगस्त का आधा कोटा पूरा हो गया। राजधानी के कई इलाके पानी में डूब गए। प्रदेशभर में कई जगहों पर एसडीईआरएफ और होमगार्ड के जवानों ने बचाव कार्य किया। 98 नागरिकों, 7 गोवंश को सुरक्षित बचाया। राजगढ़ में भी जबर्दस्त बरसात हुई। काछीखेड़ी में बाढ़ में फंसे एक परिवार और नवजात को पुलिस टीम ने निकाला। सीएम मोहन यादव ने बाढ़-राहत कार्यों की समीक्षा की।

राजधानी में रविवार देर शाम से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला अभी तक जारी है। मंगलवार को सुबह से कई जगहों पर पानी गिर रहा है। राजधानी में सोमवार को दोपहर बाद बरसात कुछ थमी थी लेकिन रात को बादल पुन: बरसे।

भोपाल में रविवार को शाम को गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बरसात शुरु हुई, बारिश का क्रम लगातार चलता रहा और सुबह 8:30 बजे तक ही 173 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसी प्रकार सोमवार को भी सुबह से शाम तक रूक- रुककर कभी तेज तो कभी मध्यम बौछारों का क्रम चलता रहा और 11 मिमी बारिश दर्ज की गई। रविवार शाम से सोमवार सुबह 8.30 बजे तक ही 7 इंच बारिश हो गई थी। 36 घंटों में साढ़े 7 इंच बारिश दर्ज की गई है।

राजधानी में एक ही रात में 172.4 मिमी बारिश हुई। ऐसे में अगस्त में औसत बारिश की आधे से ज्यादा बारिश हो गई। अगस्त माह में औसत बारिश 326 मिमी होना चाहिए।

औसत बारिश में बढ़ोतरी

प्रदेश में अब तक 483 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 571.4 मिमी होनी चाहिए। बारिश अब भी औसत से 15 फीसदी कम है। रविवार को बारिश का आंकड़ा 19 फीसदी कम था।

आगे क्या

मंगलवार को भोपाल, विदिशा, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा सहित प्रदेश के अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश की चेतावनी।

कहां, क्या हालात

सीहोर: बीते 24 घंटे में 100.7 मिमी (श्यामपुर में 210 मिमी) बारिश दर्ज की गई। जमनी पड़ली गांव में गर्भवती गीता बाई (24) तक नाले में उफान के कारण एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। एसडीआरएफ टीम ने बोट के जरिए नाला पार कराकर महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया।

राजगढ़ (काछीखेड़ी): बाढ़ में फंसे एक परिवार और तीन दिन के नवजात को पुलिस टीम ने लाइफ जैकेट और रस्सियों के सहारे सुरक्षित निकाला।

कहां, कितने बरसे मेघ

स्थान- सुबह 8.30 तक- शाम 5.30 तक

भोपाल- 175.6- 11
नर्मदापुरम- 122- 0.8
राजगढ़- 112.5- 96
(आंकड़े मिलीमीटर में)

Updated on:
11 Aug 2026 07:21 am
Published on:
11 Aug 2026 07:18 am