भोपाल

मोबाइल हैक, बिजली बिल और निवेश के नाम पर लाखों की ठगी, साइबर फ्रॉड का हॉटस्पॉट बना भोपाल

Cyber Fraud : शहर के अशोका गार्डन, ऐशबाग, कमला नगर और मिसरोद थाना क्षेत्रों में सामने आए साइबर ठगी के अलग अलग मामले। पुलिस जांच में जुटी।
2 min read
Cyber Fraud
Cyber Fraud (साइबर फ्रॉड का हॉटस्पॉट बना भोपाल Photo Source- Patrika)

Bhopal News :मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा लंबे समय तक चलाए गए सेफ क्लिक अभियान के बावजूद साइबर फ्रॉड के मामलों में कोई कमी नजर नहीं आ रही है। आलम ये है कि, जालसाज हर रोज नए नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। राजधानी भोपाल में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ये कहना गलत नहीं होगा कि, प्रदेश का सबसे मुख्य शहर भी साइबर फ्रॉड का हॉट स्पॉट बना हुआ है और पुलिस के हाथ इन जालसाजों के गिरेबां से अब भी एक कदम पीछे हैं।

दरइसल, हालही में शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ऑनलाइन धोखाधड़ी के चार मामले दर्ज हुए हैं। इनमें मोबाइल हैक कर बैंक खाते से पैसे निकालने, क्यूआर कोड स्कैन कराने, शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देने और बिजली बिल के नाम पर लोगों के साथ लाखों रुपए ठगी की वारदातें शामिल हैं। फिलहाल, पुलिस सभी मामलों में शिकायत दर्ज कर जांच में जुट गई हैं।

केस-1… फोन पे एक्टिवेट करने पर ठगी

अशोका गार्डन थाना क्षेत्र के पंजाबी बाग में रहने वाले 44 वर्षीय प्रियंक अग्रवाल का मोबाइल हैक कर ऑटो मैटिक रीसेट कर दिया गया। 18 जुलाई की शाम मोबाइल रीसेट था। फोन दोबारा चालू कर फोन पे एक्टिवेट करने पर पता चला कि, उनके खाते से 34,500 रुपए ललिता पाल नाम के खाते में ट्रांसफर हो चुके हैं। पहले जिला साइबर सेल में शिकायत दर्ज हुई, जिसके बाद मामला अशोका गार्डन थाने भेजा गया।

केस-2… क्यूआर स्कैन कर ठगी

ऐशबाग थाना क्षेत्र के अशोक नगर इलाके में रहने वाले 41 वर्षीय वंश शाक्य को अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल कर क्यूआर कोड स्कैन करने के लिए कहा गया। क्यूआर कोड स्कैन करते ही उनके खाते से 28,688 रुपए निकल गए।

केस-3… शेयर मार्केट में निवेश के नाम से जालसाजी

कमला नगर थाना क्षेत्र के नेहरू नगर इलाके में रहने वाले 46 वर्षीय तरुण ङ्क्षसह से शेयर मार्केट में निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच देकर 1.37 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। इस मामले में 27 जुलाई को पुलिस ने केस दर्ज किया।

केस-4… बिजली कनेक्शन कटने का डर दिखाया

मिसरोद थाना क्षेत्र के फॉर्च्यून कस्तूरी में रहने वाली 30 वर्षीय वर्षा मोगिया को अज्ञात कॉलर ने बिजली कनेक्शन काटने का डर दिखाया। इसके बाद उनसे 3,13,881 रुपए ठग लिए गए। फिलहाल, पुलिस ने सभी मामलों में अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
28 Jul 2026 07:15 am
Published on:
28 Jul 2026 07:12 am