
bhopal-indore highway: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल और आर्थिक राजधानी इंदौर के बीच आवागमन आने वाले समय में और भी सुगम होगा। भोपाल-इंदौर स्टेट हाईवे पर एक फ्लाईओवर बनाया जाएगा जिसका भूमिपूजन विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने बुधवार को किया। इस फ्लाईओवर का निर्माण होने से भोपाल-इंदौर के बीच आवागमन सुगम होगा और ट्रैफिक जाम से भी लोगों को काफी हद तक निजात मिलेगी।
बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने भोपाल-इंदौर स्टेट हाईवे पर 11 मील खजूरी जंक्शन पर बनने वाले फ्लाई ओवर का भूमिपूजन किया। 31 करोड़ की लागत से बनने वाला ये फ्लाई ओवर सिक्स लेन होगा। इस फ्लाई ओवर की कुल लंबाई 850 मीटर होगी और MPRDC (मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम) इस फ्लाई ओवर का निर्माण करेगा। इस फ्लाई ओवर का निर्माण उज्जैन में साल 2028 में होने वाले सिंहस्थ से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस दौरान कहा कि इस फ्लाई ओवर के बनने से भोपाल बायपास जंक्शन पर आए दिन लगने वाले जाम से निजात मिलेगी और साल 2028 में जब उज्जैन में सिंहस्थ होगा तो बढ़ने वाले ट्रैफिक के दबाव को कम करने में भी ये फ्लाई ओवर मददगार शामिल होगा। फ्लाई ओवर के ऊपर लाइट भी लगाई जाएंगी और सर्विस लेन का निर्माण भी किया जाएगा। वहीं भूमिपूजन के दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि हुजूर विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में भी विधायक रामेश्वर शर्मा के नेतृत्व में शहरों जैसा विकास हो रहा है।