भोपाल

आदिनाथ जिनालय में जन्मोत्सव की धूम, प्रथम तीर्थंकर का महामस्तकाभिषेक

bhopal news: श्रद्धालुओं ने पालना झुलाकर और अष्टद्रव्य से पूजा कर मनाया जन्म कल्याणक महोत्सव ।
less than 1 minute read
Mar 13, 2026
adinath janm kalyanak

bhopal news: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के पिपलानी स्थित श्री आदिनाथ जैन मंदिर में प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ का जन्म कल्याणक महोत्सव बड़ी ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के क्रम में शुक्रवार को मूलनायक भगवान आदिनाथ की पद्मासन प्रतिमा का सामूहिक अभिषेक और विश्व शांति की मंगल भावना के साथ शांतिधारा संपन्न हुई। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में जिनालय में प्रभु आदिनाथ की प्रतिमा को पालने में विराजमान किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रभु को पालना झुलाया और पुण्य अर्जन किया। महोत्सव के दौरान मंदिर में प्रतिदिन श्री आदिनाथ चालीसा और आचार्य मानतुंग रचित 'भक्तांमर स्तोत्र' का सामूहिक वाचन भी किया जा रहा है।

भक्ति और नृत्य का संगम

जिनालय के प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि श्रद्धालु भक्ति संगीत की धुनों पर नृत्य करते हुए कुंडलपुर और चांदखेड़ी के 'बड़े बाबा' के जयकारे लगा रहे थे। भगवान आदिनाथ की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धालुओं ने अष्ट द्रव्यों (जल, चंदन, अक्षत, पुष्प, नैवेद्य, दीप, धूप और फल) से 'श्री आदिनाथ विधान' के विशेष अर्घ समर्पित किए। इस धारा में बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी समान रूप से सराबोर नजर आए।

समाज की गरिमामयी उपस्थिति

मंदिर समिति के वरिष्ठ सदस्य और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। मुख्य रूप से अरविंद पंत, प्रदीप हर्षोला, राजू गोयल, अतुल सिंघई, राजेंद्र सेठी, संजय जैन, अतुल जैन और नीतेश जैन ने व्यवस्थाओं की कमान संभाली। वहीं, ऐरादेवी महिला मंडल की ओर से अनीता पंत, मंजु हरसोला, सिम्मी गंगवाल, ज्योति गोयल, मृदु जैन, मीना जैन, सुनीता बड़कुर और नेहा जैन सहित अन्य महिलाओं ने भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

Updated on:
13 Mar 2026 08:37 pm
Published on:
13 Mar 2026 08:37 pm